शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव यशवंत छाजटा ने स्मार्ट सिटी के कामों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। छाजटा ने कहा कि बालुगंज चौक को चौड़ा करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर डंगा लगाने का काम शुरू किया गया। डंगे का काम अभी पूरा हुआ नहीं कि इसमें दरारें पड़ गई हैं। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही डंगा दरकने लगना इस बात का पुख्ता सबूत है कि घटिया काम हुआ है।
छाजटा ने कहा कि अपनी कारगुजारियों को छुपाने के लिए अब वहां नया डंगा लगाया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई 2 फीट कम हो गई है। छाजटा ने शहरी विकास मंत्री पर आरोप लगाया कि चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। उन्होंने पूछा कि बालुगंज में जो डंगा दरका, उसके क्या कारण हैं। क्या इसकी उन्होंने जांच करवाई। यदि करवाई तो जांच में क्या निकला। किस अधिकारी ने इसकी क्वालिटी चेक की थी। क्या उस पर कार्रवाई की। क्या ठेकेदार पर करवाई की गई या इस पर पर्दा डाला जा रहा है।
यशवंत छाजटा ने आरोप लगाया कि सरकार स्मार्ट सिटी के पैसों का दुरुपयोग कर रही है। मिशन के तहत शहर में किए गए कार्यों में धांधली की जा रही है। शहर में लोगों को सुविधा देने के बजाय मनमर्जी से कार्य करवाये जा रहे हैं। केवल भाजपा से सम्बंध रखने वाले चंद लोगों को खुश करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी शहरी विकास मंत्री को गुमराह कर रहे हैं। काम कितने निम्न स्तर का हुआ है इसकी सही रिपोर्ट उन्हें नहीं दे रहे हैं।
बारिश ने खोली पोल
छाजटा ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कामों की गुणवत्ता की पोल बीते रोज हुई बारिश ने खोल कर रख दी है। बीते रोज हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। शहर में कई जगह बिजली गुल है। अभी तक व्यवस्था पटरी पर नहीं लाया जा सका है। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने के बजाय शहरी विकास मंत्री कामों की गुणवत्ता को जांचने के आदेश दे, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग न हो।
