मंडी। मंडी जिले में सोमवार से शुरू होने वाली कांग्रेस की रोजगार यात्रा से पहले उसे एक झटका लगा है। ये झटका किसी और ने नहीं, बल्कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पंडित सुखराम के पोते व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आश्रय शर्मा ने दिया है। आश्रय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित युवा रोजगार यात्रा के पद से इस्तीफा दे दिया है।
आश्रय शर्मा ने रविवार को युवा रोजगार यात्रा के पद से इस्तीफा देकर प्रदेश कांग्रेस में भूचाल खड़ा कर दिया। आश्रय शर्मा ने इस पद से अपना इस्तीफा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम लिखा है और इसे सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है।
मंडी संसदीय क्षेत्र में सोमवार से युवा रोजगार यात्रा का आगाज करसोग और सराज विधानसभा क्षेत्र से होना है। युवा रोजगार यात्रा कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष एवं मंडी संसदीय क्षेत्र को सांसद प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता और प्रतिपक्ष नेता मुकेश अग्निहोत्री, कैंपेन कमेटी के चेयरमैन सुखविंदर सिंह और शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह की अगुवाई में निकाली जा रही है। वहीं, इस युवा रोजगार यात्रा के सदस्य आश्रय शर्मा के पद इस्तीफा देकर बता दिया है कि पार्टी में सब ठीक नहीं है।
उधर, दूसरी ओर आश्रय शर्मा ने कहा कि उनके द्वारा इस्तीफा देने का निर्णय मंडी में शिमला के कांग्रेस आला पदाधिकारियों द्वारा दखलअंदाजी किए जाने के कारण लिया गया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को करसोग और सराज में सोमवार में युवा रोजगार यात्रा के कार्यक्रम है। लेकिन उसके लिए उन्हें किसी भी प्रकार की कोई इस बारे में सूचना तक नहीं है। इससे आहत होकर आश्रय शर्मा ने युवा रोजगार यात्रा के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
बता दें कि पहले भी प्रदेश के पूर्व में 6 बार सीएम रहे वीरभद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के परिवार के बीच में राजनीतिक विवाद उपजता रहा है और एक बार फिर से दो परिवारों की सियासी जंग खुलकर जनता के सामने आ गई है। इससे मंडी जिला सहित समूचे प्रदेश में तरह-तरह की चर्चाओं का इस चुनावी बेला में बातों का दौर का बाजार गर्म है।
