Spread the love
मंडी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीरवार को कांग्रेस की दस गारंटियों को लेकर उन्हें घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता दस गारंटी का झांसा देकर राज्य के मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं है और वह लोगों को दस गारंटी दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेसी नेता विकास के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। वे मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा हलके के सिद्धपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकारें हिमाचल को तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की आजादी के 75वें वर्ष को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाने का फैसला किया है और यह एक संयोग है कि हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश भर में 75 कार्यक्रमों के माध्यम से हिमाचल के 75 वर्ष की गौरवमयी यात्रा को मनाने का निर्णय लिया है। लेकिन, प्रदेश सरकार का यह निर्णय कांग्रेस पार्टी के नेताओं को रास नहीं आ रहा है और इन कार्यक्रमों में उमड़ रही आम लोगों की भारी भीड़ के कारण ये नेता बौखला गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने वर्ष 2014 के आम चुनावों में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में लोकसभा चुनावों भी भारी जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2019 के आम चुनावों में भी नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने वर्ष 2014 में मिली 282 सीटों के मुकाबले 303 सीटें जीतकर दोबारा प्रचंड बहुमत हासिल किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनावों में दोबारा बहुमत हासिल करके ‘मिशन रिपीट’ सुनिश्चित किया है और अब हिमाचल प्रदेश की बारी है। दोबारा सत्ता में न आने के रिवाज को तोड़ने की बारी अब हिमाचल की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उदारता से हिमाचल को बहुत लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लिए 800 करोड़ रुपये की विशेष सहायता के अलावा, केंद्रीय परियोजनाओं में 90ः10 का अनुपात बहाल करके केंद्रीय वित्त पोषण में राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा बहाल किया। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री ने रिकॉर्ड सात बार हिमाचल का दौरा किया है।
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 32 वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व एक ऐसे नेता कर रहे हैं जो सदैव विकास और जनकल्याण को समर्पित रहते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धर्मपुर में विद्युत बोर्ड का वृत्त कार्यालय, सिविल जज न्यायालय, अग्निशमन केंद्र और कामगार कल्याण बोर्ड का उप-कार्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरी में विज्ञान और वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने तथा फीहड़, चौकी और छेज ग्वाला में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने की घोषणा भी की।
डबल इंजन की सरकार से संभव हुआ हिमाचल में अभूतपूर्व विकास – अनुराग ठाकुर
केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि विगत लगभग पांच वर्षों के दौरान धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हिमाचल में अभूतपूर्व विकास हुआ है और यह केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकारों के कारण ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश का विशेष राज्य का दर्जा बहाल किया जिसे कि केंद्र की पूर्व कांग्रेस सरकार ने समाप्त कर दिया था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को विभिन्न केन्द्रीय परियोजनाओं के लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान की है। उन्होंने कहा कि आठ वर्ष पहले देशवासियों ने एक सामान्य व्यक्ति को प्रधानमंत्री चुना, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि भारत महाशक्ति के रूप में उभरे, जहां भष्ट्राचार के लिए कोई स्थान नहीं है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को न केवल देवभूमि, बल्कि वीरभूमि के रूप में भी जाना जाता है क्योंकि प्रदेशवासियों में भारत के सशस्त्र बलों की सेवा करने का जन्मजात जुनून है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान केंद्र सरकार ने देश की लगभग 80 करोड़ जनसंख्या को मुफ्त राशन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि देश के लोगों को 220 करोड़ से अधिक वैक्सीन की मुफ्त खुराक भी प्रदान की गई। उन्होंने टीकाकरण अभियान और जल जीवन मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सशक्त नेतृत्व में राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने भारत को मजबूत और जीवन्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पांच संकल्प लेने के आह्वान का विस्तृत रूप से विवरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की विशेष कृपा से राज्य के लिए बल्क ड्रग पार्क और चिकित्सा उपकरण पार्क स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में खेल मैदानों और स्टेडियमों के निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने और राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य के लोग भाग्यशाली हैं कि आज प्रदेश का नेतृत्व एक ईमानदार, मेहनती और विनम्र पृष्ठभूमि के नेता कर रहे हैं, जो आम व्यक्ति की विकासात्मक आवश्यकताओं को भली-भान्ति समझते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद वर्तमान राज्य सरकार का पांच वर्ष का कार्यकाल विकास के मामले में प्रदेश के इतिहास में स्वर्णिम कार्यकाल के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अब तक चार बार विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं और हर बार करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को क्षेत्र के लोगों को समर्पित किया है। उन्होंने विकास की गति निर्बाध रूप से बनाए रखने के लिए क्षेत्र के लोगों से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को अपना पूर्ण समर्थन देने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर इजराइल दूतावास की सार्वजनिक कूटनीति की प्रमुख, सुश्री शानि रैपापोर्ट इटसियोनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
विधायक कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, जवाहर ठाकुर और प्रकाश राणा, प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी रजत ठाकुर, भाजपा मंडलाध्यक्ष लेख राज, निदेशक बागवानी डॉ. आर.के. परुथी, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *