Spread the love
ऊना। प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में गत पौने पांच वर्षों के दौरान 1525 मछुआरों को मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 1.60 करोड़ रुपए के वित्तीय लाभ प्रदान किए गए हैं। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशुपालन तथा मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मंगलवार ग्राम पंचायत लठियाणी में 70 लाख रुपए की लागत से निर्मित एंगलिंग हट तथा ग्राम पंचायत मंदली के बीहड़ू में 30 लाख रूपए की लागत से निर्मित मत्स्य आवतरण केंद्र के लोकार्पण अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि मछुआरा आवास योजना के अंतर्गत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 58 मछुआरों को आवास निर्माण के लिए 74.54 लाख की अनुदान राशि प्रदान की गई है। इसके साथ साथ मछुआरों की सुरक्षा के लिए किश्ती निर्माण, गिल जाल तथा अन्य सुरक्षा उपकरण प्रदान करने के लिए 36 मछुआरों को 17.60 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। इसी योजना के तहत अनुसूचित जाति के 22 मछुआरों को 26.40 लाख रुपए की अनुदान राशि दी गई है। इसके अतिरिक्त गिल जाल खरीदने के लिए 303 मछुआरों को 9.15 लाख रुपए अनुदान के रूप में आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में कोविड-19 से प्रभावित 320 मछुआरों को 6.30 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है। मत्स्य आखेट के बंद सीजन के दौरान गत 5 वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 783 मछुआरों को 21.86 लाख रुपए की सहायता राशि दी गई है। वर्ष 2020-21 में 8 मछुआरों को मोटरसाइकिल आइस बॉक्स सहित खरीदने के लिए 3.15 लाख रुपए की अनुदान राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि गोविंद सागर झील में मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक करोड चार लाख रुपए की लागत से उत्तम किस्म का एक करोड़ मत्स्य बीज डाला जा रहा है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 230 करोड़ रुपए सड़क निर्माण कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं। जबकि 150 करोड़ रुपए की धनराशि विभिन्न सड़कों पर व्यय की जा रही है। इसके अतिरिक्त गत 5 वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 150 करोड़ रुपए पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। इन पेयजल योजनाओं के पूर्ण होने के पश्चात प्रतिदिन एक करोड़ लीटर पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा भविष्य में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में किसान के खेत तक सिंचाई की सुविधा हो इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने सामाजिक कल्याण तथा जनहित से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में 50 प्रतिशत किराए में छूट दी है। इसके अलावा 125 यूनिट तक प्रतिमाह बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल पूरी तरह माफ कर बड़ी राहत प्रदान की है। प्रदेश सरकार 60 वर्ष से ऊपर के लोगों को बिना आय सीमा के पेंशन सुविधा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि लठियाणी-मंदली पुल का डीपीआर संबंधी कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिसके पूरा होने के पश्चात ही इस का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही गोविंद सागर झील में राष्ट्रीय स्तर की एंगलर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर जिला परिषद ऊना के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, संयुक्त निदेशक विशाल शर्मा कुटलैहड़ भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष कैप्टन प्रीतम सिंह डडवाल, हिमफैड के निदेशक चरणजीत शर्मा, कुटलैहड़ भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शकुंतला देवी, ग्राम पंचायत लठियानी के प्रधान जोगेंद्र पौनू, उपप्रधान निर्मल सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत मंदली की प्रधान सुनीता कुमारी, बीडीओ बंगाणा रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *