शिमला। कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख और प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से कहा कि वह प्रदेश की जनता के सामने भाजपा सरकार के साढ़े चार साल का रिपोर्ट कार्ड रखे। उन्होंने आरोप लगाया है कि जयराम सरकार ने साढ़े चार साल कुछ नहीं किया। अब चुनावों में हार देखकर जनता को फ्री की सुविधाएं देने की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने साढ़े चार साल काम किया है तो मुख्यमंत्री विकास के नाम पर वोट मांगकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के कर्मचारी, बेरोजगार युवा, किसान, बागवान परेशान होकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार किसी की सुन ही नहीं रही है। इससे साबित होता है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर में लोगों का सामना करने का साहस ही नहीं है।
नरेश चौहान ने कहा कि जयराम सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश है। जनता से भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। अब चुनावों में अपनी हार को देखकर मुख्यमंत्री जनता को फ्री में सुविधाएं देने का ऐलान कर रहे हैं। चौहान ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि आखिर साढ़े चार साल बाद क्यों जनता को सुविधाएं देने की याद आई है। इससे पहले सरकार क्या कर रही थी। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय होने वाली ऐसी घोषणाओं से कुछ नहीं होने वाला है। प्रदेश की जनता सरकार से परेशान है। जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री विकास की बात नहीं करते हैं।
नरेश चौहान ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से प्रदेश की महिलाएं परेशान हैं। महिलाओं को अब रसोई चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार ने दूध और दही पर भी जीएसटी लगाकर लोगों को साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी ओपीएस को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार कमेटिंयों को गठन कर गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या 10 लाख से अधिक हो गई है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम है। वहीं, किसान व बागवान भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसी की समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई कदम नहीं उठा सकी है। इससे साफ है कि अब जयराम सरकार की विदाई तय है।
