Spread the love
शिमला। राजधानी शिमला में फिर से पेयजल संकट गहरा गया है। हालात यह है कि शहर में लोगों को 5 से 6 दिन बाद पानी मिल रहा है। कांग्रेस ने पानी की समस्या के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेवार ठहराया है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा ने पानी की समस्या को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
छाजटा ने आरोप लगाया कि जुमलों की सरकार ने शिमला शहर की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि जनता को 24 घंटे पानी देने का वायदा भी जुमला साबित हुआ है। शहरी विकास मंत्री अपने हर भाषण में शहर में पेयजल समस्या दूर होने की बात करते हैं। लोगों को जल्द 24 घंटे मिलेगा, पानी वाला वायदा कर थकते नहीं। उन्होंने कहा कि यह सब जुमला ही साबित हुआ है, जिसे शहर की जनता समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि शहर के लोग हज़ारों और लाखों रुपए पानी का बिल दे रहे हैं। बावजूद इसके उन्हें पानी नहीं मिल रहा। गर्मियों में कहा कि पेयजल स्त्रोत सूख गए हैं और अब बरसात में गाद आ गई है।
गर्मियों में राशनिंग और बरसात में भी
छाजटा ने कहा कि जब से पानी आवंटन का काम कम्पनी को दिया है, लोग परेशान हैं। पेयजल कंपनी ने गर्मियों में राशनिंग की थी। अब बरसात भी खत्म होने को है, अभी तक राशनिंग खत्म नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में पानी को लेकर बने हालात से लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा शासन काल में भी पानी को लेकर हाहाकार मच चुका है। अब दोबारा वही स्थिति आ गई है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार न हुआ तो कांग्रेस शिमला शहर में धरना प्रदर्शन करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *