मंडी। मंडी जिला में बारिश का कहर जारी है। देर रात से हो रही तेज बारिश के कारण मंडी जिला में भारी नुकसान होने की सूचना है। ताजा मामले उपमंडल गोहर के पंचायत काशन के जडोंन गांव मे देर रात एक पहाड़ी धंसने से एक ही परिवार के 7 लोगों के दबने की सूचना है। काशन पंचायत के वर्तमान प्रधान खेम सिंह के पक्के मकान पर घर के पीछे से पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा आने से सभी लोग दब गए हैं।।
मिली जानकारी के अनुसार खेम सिंह के दो मंजिला मकान में परिवार के 7 लोगों को भारी भूस्खलन ने घर सहित अपनी चपेट में ले लिया। इस कारण काशन क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई है। ग्रामीणों द्वारा खेम सिंह के परिवार को बचाने के लिए सभी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस समय स्थानीय लोग स्वयं जमींदोज हुए मकान के लेन्टर को तोड़कर अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से तहसीलदार दल-बल सहित घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं, लेकिन सड़क अवरुद्ध होने से चलते वह मौका पर नही पहुंच पा रहे। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान ने बताया कि वह ग्रामीणों के सहयोग से लेन्टर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मकान के पहली मंजिल में लेन्टर तथा दूसरी मंजिल में चादरें डाली गई थी।
वहीं, एसडीएम गोहर रमन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रेस्क्यू टीम को मौके पर पहुंचने में दिक्कतें आ रही है। टीम सुबह 4 बजे से ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।
