मंडी। मंडी जिला के नाचन के बग्गी के खियुरी बीबीएमबी नहर टनल के समीप वीरवार देररात एमबीबीएस प्रशिक्षुओं की कार ढांक से लुढ़कने के कारण एक एमबीबीएस प्रशिक्षु की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों में एक छात्रा को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के वक्त कार में पांच प्रशिक्षु सवार थे। मृतका की पहचान अंचला कैंथला निवासी नारकंडा, जिला शिमला की रहने वाली थी। वहीं, घायलों में आकांक्षा, युवराज, सोनम और हरीतिका शामिल है। बताया जा रहा है कि प्रशिक्षु डॉक्टर खियुरी टनल की ओर अपने एक साथ का जन्मदिन मनाने के लिए निकले थे और इस दौरान यह हादसा हुआ है।
कार गिरने से सराज के भाजपा युवा नेता की मौत
वहीं, मंडी जिले में ही सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत जंजैहली के साथ शौधाधार में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक कार खाई में गिरने से सराज भाजपा उपाध्यक्ष की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सुबह थुनाग में होने वाली भाजपा की बैठक के लिए छतरी निवासी जयप्रकाश( 44) पुत्र कश्मीर सिंह गांव बागा अपनी कार में बैठक के लिए जा रहे थे। इस दौरान शौधाधार के चिमटी मोड के पास कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में भाजपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भाजपा सराज मंडल थुनाग में प्रस्तावित संगठनात्मक बैठक स्थगित कर दी गई। सीएम जयराम ठाकुर ने भी भाजपा नेता की सड़क हादसे में मौत पर शोक व्यक्त किया है।
