Spread the love
मंडी। मंडी जिला पुलिस ने नशे का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। मंडी पुलिस ने 1 किलो 831 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए कुल्लू के रहने वाले आरोपी की करीब 88 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति को जब्त कर लिया है। इसमें आरोपी के कुल्लू के मलाणा में स्थित घर, मलाणा में ही अवैध रूप से सरकारी भूमि पर बनाया गया लगभग 20 लाख रूपए से ज्यादा का एक होटल, साथ में उसके रिश्तेदारों की लगभग 12 लाख से ज्यादा कीमत की चार गाड़ियां और विभिन्न बैंक खाते शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी आशीष शर्मा ने बताया कि मंडी पुलिस नशे का काला कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने बताया कि मंडी पुलिस के औट थाना की टीम ने 26 अप्रैल 2021 को दो आरोपियों किरना देवी, निवासी कुल्लू व विक्की, निवासी चंबा के कब्जे से 1 किलो 831 ग्राम चरस बरामद की थी। औट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की। उसके बाद अब वित्त विभाग से अनुमति मिलने के बाद अब इस मामले में चरस आरोपी की करीब 88 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति को केस के साथ अटैच कर जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के बड़े सौदागरों पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस ने मंडी शहर के खलियार में हरियाणा के एक युवक से 16.49 ग्राम हेरोइन बरामद कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *