शिमला। भाजपा जिला शिमला ने विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस पर रविवार शाम को जुलूस निकाला। सीटीओ से शुरू हुआ जुलूस माल रोड से होते हुए ओकओवर पर खत्म हुआ, जहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जलूस की अगवानी की। जुलूस में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, चेयरमैन रूपा शर्मा, गणेश दत्त, जिलाध्यक्ष रवि मेहता, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी कुसुम सदरेट, प्यार सिंह कंवर और करण नंदा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश के बंटवारे के दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता। 14 अगस्त को विभजन विभिषिका स्मृति दिवस के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नफरत और हिंसा के कारण, हमारे लाखों भाई-बहन विस्थापित हुए। यहां तक कि उन्होंने अपनी जान भी गंवाई। उन लोगों के संघर्ष और बलिदान की याद में 14 अगस्त को विभजन विभिषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस हमें न केवल भेदभाव, वैमनस्य और दुर्भावना के जहर को खत्म करने के लिए प्रेरित करेगा, बल्कि यह एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करेगा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेश शारदा, दिनेश ठाकुर और जितेंद्र भोटका भी मौजूद थे।
