बिलासपुर। खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेन्द्र गर्ग ने कहा है कि खेल न केवल युवाओं को नशे से दूर रखने में सहायक होते हैं, बल्कि शारीरिक फिटनेस रखने में भी कारगर सिद्ध होते हैं। वे रविवार को बिलासपुर जिले के घुमारवीं में चेतना संस्था के सौजन्य से घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के युवा मंडल के सदस्यों के लिए स्पोर्ट्स किट वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार व प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल व समाजसेवी एडवोकेट हरीश नड्डा वशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में करीब 150 युवक मण्डलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की गई।
इस मौके पर राजेंद्र गर्ग ने कहा कि यह खेल किटें विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल कौशल को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस कार्य के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व चेतना संस्था की संस्थापिका मल्लिका नड्डा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मुख्य उद्देश्य लोगों की सेवा करना है और भारतवर्ष को विश्वगुरु बनाना है। उन्होने कहा कि देश के खेल मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर ने खेल महाकुंभ प्रारम्भ करके एक सराहनीय पहल की है और देश के अन्य सांसद अब इसका अनुसरण कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार त्रिलोक जम्बाल ने कहा कि चेतना संस्था ने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने व खेलों से जोड़ने का प्रयास किया है। उन्होने कहा कि खेलों से युवाओं का शारीरिक व मानसिक विकास होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ रहता है। युवा देश का वर्तमान तथा भविष्य है युवा स्वस्थ होगा तो समाज, प्रदेश व देश स्वस्थ होगा। उन्होंने केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मोदी सरकार ने युवाओं के लिए बेहतर योजना अग्निवीर चलाई है जो युवाओं के लिए कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने नित नए आयाम स्थापित किए हैं। देश दुनिया में भारत का नाम रोशन किया है। यही कारण है कि आज युवा मोदी सरकार की नीतियों को अपनाकर देश की उन्नति के लिए आगे बढ़ रहा है।
समाजसेवी हरीश नड्डा ने युवाओं को नशे जैसी कुरीती से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को अपना जीवन परिवार, समाज, प्रदेश व देश की सेवा में लगाना चाहिए और देश की सेवा करनी चाहिए और इसके लिए भाजपा युवा मोर्चा व एबीवीपी के साथ जुड़ना चाहिए। उन्होने कहा कि युवा मोर्चा पौधारोपण, रक्त दान सहित अनेक रूप से समाज की सेवा करता है। उन्होंने कहा कि देश के सभी बड़े नेता युवा मोर्चा के सदस्य रहे हैं। हरीश नड्डा ने कहा कि जिले भर के युवाओं को स्पोर्ट्स किट को बांटना युवाओं को नशे से दूर रखना है। युवाओं का कर्तव्य समाज को जागृत करना और उनकी शक्ति का अहसास करवाना है।
हरीश नड्डा ने कहा कि सेना में अग्निवीरों के बारे में युवाओं को भड़काया गया, लेकिन युवा समझदार हैं सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के तहत देश में पहले की अपेक्षा चार गुना ज्यादा युवाओं को देश सेवा का मौका प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि जब अग्निवीर चार साल देश की सेवा करने के पश्चात घर लौटेंगे तो उनके पास लगभग 23 लाख रुपए होंगे और राज्य सरकार तथा पैरा मिलिट्री की सेवाओं में उन्हे वरीयता प्रदान की जाएगी।
