कुल्लू। कुल्लू जिले के श्रीखंड महादेव की यात्रा 11 जुलाई से शुरू होने जा रही है। यह यात्रा 24 जुलाई तक चलेगी। इस यात्रा के लिए कुल्लू जिला प्रशासन ने अपनी तरफ से सभी तैयारी कर दी है। यात्रा सुरक्षित रहे, इसके लिए भी अफसरों को तैनात किया गया है। इस यात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं को आनलाइन या फिर आफलाइन पंजीकरण करना होगा। यही नहीं, बेस कैंप सिंहगाड़ में सभी श्रद्धालुओं के चैकअप होगा और जो व्यक्ति स्वस्थ नहीं पाया जाएगा, उसे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि 11 जुलाई 2022 से शुरु होने वाली श्री खंड महादेव यात्रा को लेकर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा में पांच बेस कैम्प सिंहगाड़, थाचडू, कुंशा, भीमडवारी और पार्वती बाग हैं। इसमें प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बेस कैम्प में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के अधीन मेडिकल, रेस्क्यू पुलिस की टीमें तैनात है। सभी बेस कैम्प में लगभग 20 स्वास्थ्य कर्मी, 30 पुलिसकर्मी व 40 सदस्य रेस्क्यू के लिए तैनात हैं।
डीसी ने कहा कि यात्रा के लिए पंजीकरण करना आवश्यक है जो ऑनलाइन या ऑफलाइन किया जा सकता है। ऑनलाइन पंजीकरण के लिए लिंक 24 घंटे उपलब्ध है और इसका पंजीकरण शुल्क 200 रुपए रहेगा। ऑफलाइन पंजीकरण प्रथम बेस कैम्प सिंहगाड़ में सुबह 5 बजे से सांय 7 बजे तक करवाया जा सकता है। उपायुक्त का कहना है कि यात्रा न करने की सूरत में तथा बेस कैम्प सिंहगाड़ में मेडिकल चेकअप में अस्वस्थ पाए जाने पर पंजीकरण शुल्क वापस नहीं होगा। 18 साल से कम तथा 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को यात्रा करना मना है। पंजीकरण अनिवार्य है, बिना पंजीकरण के यात्रा करने पर किसी भी बेस कैम्प से वापस भेजा जा सकता है।
यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
इस यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु चिकित्सा प्रमाण पत्र अपने साथ लेकर आएं तथा बेस कैम्प सिंहगाड़ में स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। पूर्णतया स्वस्थ होने पर ही यात्रा करें। अकेले यात्रा न करें, केवल साथियों के साथ ही यात्रा करें। चढाई धीरे-धीरे चढ़े, सांस फूलने पर वहीं रुक जाएं। छाता, बरसाती, गर्म कपड़े, गर्म जूते, टार्च एवं डंडा अपने साथ अवश्य लाएं। प्रशासन द्वारा निर्धारित रास्तों का ही प्रयोग करें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या के लिए निकटतम कैंप में सम्पर्क करें।
इन कार्यों के लिए रहेगी मनाही
प्रशासन की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुसार सुबह 5 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद बेस कैम्प सिंहगाड़ से यात्रा न करने को कहा गया है। उपायुक्त आशुतोष गर्ग का कहना है कि पार्वती बाग से दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी श्रद्धालु को नहीं जाने दिया जाएगा। बिना पंजीकरण एवं चिकित्सकीय रूप से फिट न होने पर यात्रा न करें। अपने साथियों का साथ न छोड़ें, जबरदस्ती चढ़ाई न चढ़ें व फिसलने वाले जूते न पहने यह घातक हो सकता है। वहीं, किसी भी प्रकार के शॉर्ट कट का प्रयोग न करें। खाली प्लास्टिक की बोतलें एंव रैपर इत्यादि खुले में न फेंके, बल्कि अपने साथ वापस लाकर कूड़ादान में डाले। जड़ी बूटियों एवं दुर्लभ पौधों से छेड़छाड़ न करें। किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों मांस मदिरा इत्यादि का सेवन न करें। यह एक धार्मिक यात्रा है उसकी पवित्रता का ध्यान रखें। श्री खण्ड महादेव की पवित्र चट्टान पर किसी भी प्रकार का चढ़ावा अथवा त्रिशूल इत्यादि लगाने के लिये न चढ़ें। पवित्र चट्टान अत्यन्त पावन शिवलिंग का स्वरूप है। इसके ऊपर पैर रखकर इसकी पवित्रता नष्ट न करें।