Spread the love
शिमला। उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रथम अक्टूबर, 2022 की अहर्ता तिथि के आधार पर जिला के समस्त आठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का जुलाई, 2022 से अक्टूबर, 2022 तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। पुनरीक्षण के दौरान 02 जनवरी, 2022 से 01 अक्टूबर, 2022 तक 18 वर्ष या इससे अधिक आयु पूर्ण कर चुके पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएंगे।
आदित्य नेगी ने इस अवसर का लाभ उठाने तथा निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता केन्द्रों के युक्तिकरण/पुनर्व्यवस्था का कार्य किया जा रहा है, जिसमें 30 जून, 2022 से 6 जुलाई, 2022 तक नोडल अधिकारी एवं बीएलओ द्वारा वर्तमान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। 7 जुलाई, 2022 को मतदाता केन्द्रों की सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। 7 जुलाई से 13 जुलाई, 2022 तक प्रारूप में प्रकाशित मतदान केन्द्रों की मतदाता सूचियों पर आम जनता द्वारा सुझाव दिए जाएंगे। 14 जुलाई, 2022 को प्राप्त सुझाव पर निर्णय लिया जाएगा। 15 जुलाई, 2022 को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ, आम जनता और अन्यों से प्राप्त सुझाव पर विचार-विमर्श करने के लिए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रवार प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 16 जुलाई तथा 18 जुलाई, 2022 को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावनाओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। 19 जुलाई, 2022 को प्रस्तावनाओं पर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने जिला के समस्त नागरिकों तथा राजनैतिक दलों से मतदान केन्द्रों के संशोधन व युक्तीकरण के संबंध में अपना परामर्श जिला निर्वाचन अधिकारी तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष 13 जुलाई, 2022 तक प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *