Spread the love
बिलासपुर। मादक पदार्थों की समस्या और इनकी तस्करी के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग और हिमाचल प्रदेश नशा निवारण बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आरंभ किए गए ”नशा नहीं, जिंदगी चुने” अभियान के तहत जिला बिलासपुर में भी 27 जून से 3 जुलाई तक कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रविवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित इस अभियान के शुभारंभ समारोह का बिलासपुर में भी सीधा प्रसारण किया गया।
इस उपलक्ष्य पर उपायुक्त कार्यालय परिसर के बचत भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त पंकज राय, पुलिस अधीक्षक एसआर राणा, सहायक आयुक्त गौरव चौधरी, एसडीएम रामेश्वर दास, कर एवं आबकारी विभाग के उपायुक्त विनय चौधरी, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी उर्वशी वालिया और अन्य अधिकारियों के अलावा स्थानीय डिग्री कालेज, ब्वायज स्कूल और गर्ल्स स्कूल की विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने नशे के उन्मूलन की शपथ भी ली।
उपायुक्त पंकज राय ने बताया कि जिला मुख्यालय के अलावा बिलासपुर जिले की सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और अन्य संस्थानों ने भी ”नशा नहीं, जिंदगी चुनें” अभियान के शुभारंभ समारोह से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर नशे के समूल नाश का संकल्प लिया। उपायुक्त ने बताया कि जिला बिलासपुर में इस अभियान के तहत 27 जून से 3 जुलाई तक कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी तथा नशा विरोधी अभियान में अधिक से अधिक लोगों विशेषकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से इस अभियान में अपना योगदान देने की अपील भी की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *