Spread the love
शिमला। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री द्वारा विगत कुछ दिनों से प्रदेश सरकार के विरुद्ध की जा रही अनर्गल और असंयमित बयानबाजी निंदनीय है तथा इससे उनकी विकृत मनोदशा प्रदर्शित होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे अथाह विकास एवं सरकार की कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं को मुकेश अग्निहोत्री तथा कांग्रेस पार्टी के नेता पचा नहीं पा रहे हैं, जिस कारण इस तरह की अनर्गल बयानबाजी की जा रही है।
बिक्रम सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री को आने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी हार स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिसके चलते वे पूरी तरह से बौखला गए हैं। उद्योग मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष केन्द्रीय नेतृत्व ने भी मुकेश अग्निहोत्री की प्रदेश में स्थिति का आकलन करने के उपरान्त उन्हें पार्टी ने हाशिए पर रखा है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री सठिया गए हैं जिस कारण वह धैर्यहीन होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की स्वीकृति प्रदेशव्यापी है तथा उनकी लोकप्रियता प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिसे कांग्रेस नेता पचा नहीं पा रहे हैं। बिक्रम सिंह ने मुकेश अग्निहोत्री को मर्यादा में रहकर और संयमित बयानबाजी करने का परामर्श देते हुए कहा कि व्यक्ति का बड़प्पन उसकी भाषा से झलकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना तो दूर मुकेश अग्निहोत्री हरोली से भी चुनाव हार जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *