Spread the love
शिमला। खेल हमारे जीवन में शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक स्वास्थ्य के साथ जुड़े हुए हैं। खेल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को तंदरुस्त रखने में मदद करते हैं। यह बात जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने नुनाड़ नव युवक मण्डल झगटान द्वारा वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान कही।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वॉलीबाल जिला शिमला का एक प्रचलित खेल था और इस खेल में जुब्बल-नावर-कोटखाई के बहुत से खिलाड़ियों ने देश-विदेश में अपनी खेल कला का लोहा भी मनवाया हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट के साथ-साथ वॉलीबाल और कबड्डी जैसे स्थानीय स्तर पर खेले जाने वाले खेलों को भी प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए जुब्बल-नावर-कोटखाई में ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान को प्राथमिकता दी जाएगी। सड़कें किसी भी विकास के क्षेत्र में जीवन रेखा की तरह महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और ग्रामीण व पहाड़ी क्षेत्रों में तो विशेषकर विकास की संभावनाओं के द्वार खोल देती है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि शराचली क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने में पूर्व कांग्रेस सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि खनाशनी क्षेत्र के तहत उत्तराखंड की सीमा के साथ लगते धानसर और क्वांलटा गांव को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि गत 4 वर्षों से शराचली क्षेत्र के रुके पड़े कार्य को गति दी जा रही है। रोहित ठाकुर ने कहा कि गत छ: माह में जुब्बल-नावर-कोटखाई के विभिन्न क्षेत्रों में 20 सड़कों को पास कर जनता को समर्पित कर दिया गया है। रोहित ठाकुर ने कहा कि स्थानीय पंचायत की महत्वपूर्ण झगटान-झडाशली-गालचू-गरली-कोठु सड़क संपर्क मार्ग को उप चुनाव के उपरांत विधायक प्राथमिकता के तहत डालकर 8.72 करोड़ रुपए की डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए नाबार्ड को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सड़कों के संभावित दुर्घटना क्षेत्र में क्रैश बैरियर लगाने का मामला गत विधानसभा सत्र के दौरान उठाया गया है, जिसे अमलीजामा पहनाने का हर संभव प्रयास भी किया जा रहा है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि स्नैल से हाटकोटी के बीच बनने वाली लगभग 13 किलोमीटर सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का दर्ज़ा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मिला। उन्होंने कहा कि इस सड़क का टैंडर 15 दिसम्बर, 2021 को ठेकेदार को आवंटित कर दिया है। इस सड़क के निर्माण पर 77.68 करोड़ खर्च होंगे और सड़क बनने से बागवानों को लाभ मिलेगा। वॉलबाल प्रतियोगिता में ग्रामीण स्तर की 30 टीमों ने भाग लिया। उन्होंने नुनाड़ नव युवक मण्डल झगटान को वॉलीबाल प्रतियोगिता के सफ़ल आयोजन पर बधाई दी। रोहित ठाकुर ने जनसमस्याओं को भी सुना और शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान करने का आश्वासन दिया। उनके साथ नीता नेगी प्रधान ग्राम पंचायत झगटान, सरलेश झेगटा उप प्रधान, विद्या डोगरा पंचायत समिति सदस्य, बलबीर शर्मा प्रधान ग्राम पंचायत मांदल, नरवीर चौहान उपप्रधान, सत्यदेव शर्मा उप प्रधान ग्राम पंचायत थाना, सुरिंदर नेगी, चन्दर मोहन सुबरेटा, नरेश भागटा, सिद्धार्थ, अशोक सुबरेटा, सूरत सिंह भागटा, राहुल भागटा, विक्रांत मोलटा प्रधान नवयुवक मंडल झगटान , सुरजीत सिंह सचिव, अमन भागटा उपप्रधान, प्रेम लाता नेगी प्रधान महिला मंडल झगटान, वीना राकटा प्रधान महिला मंडल गारली आदि उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed