Spread the love

शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए सिख गुरुओं द्वारा दिए गए बलिदानों के प्रति आज संपूर्ण राष्ट्र उनके प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञ भाव प्रकट करता है। वे गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के आयोजन के अवसर पर बोल रहे थे। 

भारद्वाज ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इन महान गुरुओं और संतों के उपदेशों को याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुओं के बलिदानों की वजह से ही यह पंथ यहां तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हमें गुरुओं द्वारा दिए गए उपदेशों व सीखों को अपने जीवन में उतार कर आगे बढ़ना चाहिए।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि सिख पंथ के नौवें गुरु गुरु तेग बहादुर ने कश्मीर में औरंगजेब द्वारा लोगों पर जजिया लगाने व अत्याचारों के प्रति रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संपूर्ण देश में गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष को उल्लास के साथ मनाने के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा भी सिख संगत के साथ मिलकर इस दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आयोजन स्थल पर गुरु ग्रंथ साहब के समक्ष माथा टेका तथा कीर्तन का श्रवण किया। उन्होंने शोभा यात्रा का भी अवलोकन किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *