Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने सेना भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना को देश व प्रदेश के युवाओं के साथ एक बड़ा भद्दा मजाक करार दिया है। उन्होंने कहा है कि सेना में भर्ती को रोजगार से नहीं, बल्कि देशभक्ति के नजरिए से देखा जाना चाहिए। साथ ही कहा कि इस पर किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर किए जा रहे आंदोलन में कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है और सरकार से इन युवाओं के खिलाफ दर्ज किए गए सभी मामलों को वापस लिया जाए‌। उन्होंने केंद्र सरकार सेे इस योजना को भी तुरंत वापस लेने की मांग की। वे शुक्रवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि युवाओं का इस योजना के खिलाफ कड़ा आक्रोश है इसी कारण देशभर में‌‌ युवा सड़क पर उतरा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले में पुलिस ने अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवाओं पर पुलिस ने लाठियां बरसाई और उन्हें गिरफ्तार किया तथा मामले दर्ज किए जो सरासर अनुचित है। उन्होंने सरकार से गिरफ्तार युवाओं को तुरंत रिहा करने और उन पर दर्ज किए गए मामलों को रद्द करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल वीर योद्धाओं की धरती है और यहां हर घर से युवा सेना में हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल का युवा सेना में रोजगार नहीं, बल्कि देशभक्ति की भावना और देश सेवा के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि देश के लिए मर मिटने का जज्बा युवाओं में है और उसे आज मिटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रस्तावित अग्निपथ योजना‌ में युवा अपनी जवानी के 4 महत्वपूर्ण साल देगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद उनको कितनी प्राथमिकता मिलेगी या मिलती रही है, यह सबके सामने है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज प्रदेश के हजारों पूर्व सैनिक नौकरी की आस में बैठे हैं।उन्होंने कहा कि अग्निपथ में 4 साल सेना में नौकरी के बाद प्रशिक्षित युवा को जब नौकरी नहीं मिलेगी और रोजगार के साधन नहीं होंगे, तो वह किसी भी अनुचित संगत जैसे अलगवावादी संगठन या अन्य की ओर अपना करने पर मजबूर होगा और ऐसी किसी भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस शनिवार को जिला स्तर पर अग्निपथ योजना के विरोध में धरना प्रदर्शन करेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह के उस बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने अग्निपथ का विरोध कर रहे युवाओं को सेना में भर्ती के अयोग्य बताया है। उन्होंने कहा कि वह मंत्री बाद में है, पहले वह देश के सेना प्रमुख थे। ऐसे में उनका यह बयान पूरी तरह युवा विरोधी है।
पुलिस पेपेर लीक मामले पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार
विक्रमादित्य सिंह ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में राज्य सरकार पर हमला बोला और इस मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की घोषणा किए एक माह हो रहा है, लेकिन अभी तक सीबीआई की टीम यहां नहीं पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी में शामिल कुछ पुलिस अधिकारियों की इस मामले में मिलीभगत है। साथ ही कई नेता भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी चार्जशीट में इस मामले को टॉप पर शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ खड़ी है और इनके लिए न्याय की लड़ाई लड़ेगी। विक्रमादित्य ने इस पूरे मामले की अब तक की जांच पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि अभी तक सीबीआई ने इस मामले की कोई जांच अभी शुरू तक नहीं की है।
विक्रमादित्य सिंह ने शिमला शहर में पानी की कमी के लिए राज्य सरकार और शिमला जल प्रबंधन निगम को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि पेयजल संकट के दौरान आज जल शक्ति मंत्री कहीं नज़र नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इसकी चिंता नहीं है और सरकार प्रधानमंत्री की आवभगत में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी धन का दुरूपयोग हो रहा है इस धन से भाजपा के कार्यक्रम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में देश के मुख्य सचिवों का सम्मेलन तो भाजपा का एक बहाना है। भाजपा यहां अपना जनाधार बनाने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कांगड़ा जिले के साथ बहुत भेदभाव किया है। वैसे तो राज्य में दो विधानसभा हलकों को छोड़कर शेष सभी हलकों से भेदभाव किया है और अब अपनी जमीन खिसकती‌ देख भाजपा पीएम मोदी के सहारे कांगड़ा के लोगों को रिझाने ‌का असफल प्रयास कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *