शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने युवाओं से स्वस्थ रहने और खेलों को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि युवाओं को नशे से दूर रहते हुए विकास कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण में यह खेल उत्सव इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके आयोजन के लिए हिमाचल स्पोर्ट्स कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन का प्रयास सराहनीय है। वे मंगलवार को सुन्नी में इस खेल महोत्सव के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। प्रतिभा सिंह ने इस दौरान विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए। प्रतिभा सिंह ने इस खेल उत्सव में महिलाओं के रसाकशी के आयोजन पर खुशी प्रकट करते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में महिलाओं के उत्थान में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रतिभा सिंह ने इस अवसर पर कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा चुनाव क्षेत्र आज तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने इसका श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह को देते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में जो कार्य उन्होंने शुरू किए थे, आज विक्रमादित्य सिंह उन्हें बड़ी तत्परता से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे बीच अब वीरभद्र सिंह नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, उनका मार्गदर्शन आज भी उनके पास है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह की सोच को आगे बढ़ना, प्रदेश में लोगों के दुख दर्द को दूर करना ही अब उनका उद्देश्य है और विक्रमादित्य सिंह इस कार्य को बखूबी निभा रहे हैं।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि उन्हें प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए वह कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूत बने और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने, इसके लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने कहा कि आज देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस चार उप चुनावों की तरह विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल करते हुए प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनाएगी। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वह एकजुट होकर बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ इस सरकार को सत्ता से बाहर करें।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने बेरोजगार युवाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला एक बड़ा घोटाला है। यह सब भाजपा की मिलीभगत से हुआ है और यही कारण है कि सरकार इसकी जांच में देरी कर लीपापोती करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले को अभी तक सीबीआई को नहीं सौंपा गया है।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने इस समारोह में उपस्थित नेताओं व लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका मकसद लोगों की सेवा करना है और आपसी मेलजोल को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस खेल आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में बढ़ते नशे के प्रति सचेत करते हुए उन्हें इस बुराई से दूर रखना है। विक्रमादित्य सिंह ने उपस्थित जन समहू का इस आयोजन को अपना भारी समर्थन देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह बेरोजगार युवाओं व महिलाओं के लिए जल्द ही रोजगार मेलों का आयोजन करेंगे।
इस समारोह में रोहड़ू के विधायक मोहनलाल ब्राक्टा, पूर्व विधायक सोहन लाल, चिरंजी लाल कश्यप, प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र प्रभा नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, रमेश ठाकुर, प्रदीप शर्मा, श्यामा देवी, नीम चंद वर्मा, जिला परिषद सदस्य, नगर पंचायत के सभी पार्षद, ग्राम पंचायतों के प्रधान उप प्रधान, वार्ड सदस्य और भारी संख्या में शिमला ग्रामीण की सभी पंचायतों से महिलाएं व अन्य लोग शामिल थे।
भाजपा सरकार लोगों को गुमराह कर रही – विक्रमादित्य
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान प्रदेश भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि यह सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनाव आते देख बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा रही हैं, जो कभी पूरी नहीं होगी। विक्रमादित्य ने कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद उन्होंने इस क्षेत्र में 90 करोड़ के विकास कार्य किए। उन्होंने कहा कि जिस तेजी से विकास कार्य होने थे, वह नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने हमेशा ही क्षेत्रवाद की राजनीति करते हुए विकास में भी बड़ा भेदभाव किया।
विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम सरकार को चुनौती दी कि वह अपने इस कार्यकाल में ऐसे बड़े पांच कार्य ही गिना दें जो उन्होंने शुरू किए और उन्हें पूरा भी किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों के हितों को देखते हुए उनकी पुरानी पेंशन को लागू किया जाएगा।
शिमला ग्रामीण की इस खेल प्रतियोगिता में रासाकसी में 260 महिला टीमों ने और क्रिकेट की 257 टीमों ने भाग लिया। क्रिकेट में पहला स्थान घनाहट्टी ने और दूसरा भराड़ा ने हासिल किया, जबकि महिला रासाकसी में गड़ावग ने पहला व पाहल ने दूसरा स्थान लिया। विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागी टीमों को पांच-पांच हजार की नकद राशि भी प्रदान की।
