Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज केंद्र की भाजपा सरकार के जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के विरोध में केंद्रीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सम्मन जारी करने का विरोध करते हुए पार्टी नेताओं ने सोमवार को शिमला स्थित ईडी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। 

इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, विधायक नंदलाल, मोहन लाल ब्राक्टा, विक्रमादित्य सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, कसुम्पटी के ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल के अलावा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी व सेवादल के अनेक पदाधिकारी मौजूद थे।

सेवादल के पदाधिकारियों ने इस दौरान ईडी के समन के विरोध में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से छोटा शिमला स्थित ईडी कार्यालय तक पैदल मार्च किया। पार्टी नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ इस दौरान यहां जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर ईडी के समन पूरी तरह राजनीति से प्रेरित हैं और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने इस मौके पर भाजपा की कथित तानाशाही नीतियों व जांच एजेंसियों के दुरुपयोग करने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, उसके बाद अब देश चुप बैठने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ देशभर में एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी और इन नीतियों के खिलाफ लोगों को जागृत करेगी।

प्रतिभा सिंह ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी को ईडी के सम्मन का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं के साथ खड़ी है और उनके खिलाफ भाजपा के किसी भी राजनैतिक षड्यंत्र को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ उनका कोई भी रजनीतिक षड्यंत्र कभी सफल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर भाजपा ने लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन करते हुए सत्ता के दुरुपयोग को लोग उसे कभी माफ नहीं करेंगे।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि ईडी ने जिस मामले में सोनिया गांधी व राहुल गांधी को सम्मन किया है, उससे दोनों नेता पाक-साफ साबित होंगे। उन्होंने कहा कि देश में कानून का राज चलता है और कांग्रेस को कानून पर पूरा भरोसा है। प्रतिभा सिंह ने देश में धुव्रीकरण की राजनीति पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश की एकता और अंखडता एक बार फिर खतरे में पड़ती नज़र आ रही है। उन्होंने कहा कि देश एक तरह जहां बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से परेशान है, वहीं दूसरी तरफ लोगों का ध्यान बांटने के लिये उलजुलूल बाते कर भाजपा अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगी है।

राठौर का आरोप – भाजपा सरकार देश में कर रही ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई का दुरुपयोग

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने इस दौरान केंद्र की जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं का अपमान सहन नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार देश में ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ झूठे आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रच रही है। राठौर ने कहा कि आज देश भर में कांग्रेस ने इसके खिलाफ जन चेतना यात्रा शुरू की है और आज ईडी कार्यालयों के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। राठौर ने कहा कि आज देश गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है और भाजपा के ध्रुवीकरण की राजनीति के चलते लोगों का बेरोजगारी व महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed