Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता देवेन्द्र बुशैहरी ने कहा कि जोगिंद्रनगर के आजाद विधायक प्रकाश राणा और देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह के भाजपा को ज्वाइन करना दलबदल कानून का सरासर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इन दोनों विधायकों ने मुख्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। इस प्रकार इन दोनों विधायकों ने देश के दलबदल कानून का उल्लंघन किया है। 

बुशैहरी ने कहा कि संविधान के आर्टिकल 2 व 3 में स्पष्ट लिखा है कि कोई भी व्यक्ति यदि किसी राजनीतिक पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव जीतता है तो चुना हुआ विधायक तब तक किसी राजनीतिक पार्टी की सदस्यता नहीं ले सकता, जब तक वह विधायकी से इस्तीफा नहीं दे देता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विधानसभा अध्यक्ष से मांग करती है कि इन विधायकों की विधानसभा सदस्यता तुरंत प्रभाव से रद्द की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कानूनविदों से राय लेकर आगे की कार्रवाई करेगी तथा इस विषय में चुनाव आयोग को भी अवगत करवाया जाएगा। 

बुशैहरी ने कहा कि आखिर भाजपा ऐसा करके क्या दर्शाना चाहती है, जबकि ये विधायक तो तब से भाजपा के साथ ही है, जब से इनकी सरकार प्रदेश में बनी। भाजपा अब चुनाव से पूर्व जो भी झूठे वादे और घोषणाएं करे, जनता ने इस सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना दिया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, कर्मचारियों, पेंशनरों, बागवानों व किसानों से की गई वादाखिलाफी को प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *