रिकांगपिओ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किन्नौर जिला के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सापनी के छात्र सूर्यकांत को वर्चुअल माध्यम से वर्ष 2018-19 व वर्ष 2019-20 के दौरान 10वीं व 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दीं शुभकामनाएं। किन्नौर जिला के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा में जिला स्तरीय मेधावी विद्यार्थी लैपटाॅप वितरण समारोह आयोजित किया गया, जो वर्चुअल माध्यम से मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से भी जोड़ा गया था। इसकी अध्यक्षता पंचायत समिति कल्पा के अध्यक्ष गंगा राम ने की। इस दौरान वर्ष 2018-19 व वर्ष 2019-20 में 10वीं तथा 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 71 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटाॅप वितरित किए गए।
इस अवसर पर कल्पा पंचायत समिति के अध्यक्ष गंगा राम ने जिले में विद्यार्थियों द्वारा पढ़ाई के क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय प्रदर्शन के लिए मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी इन विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर पढ़ाई में उत्कृष्टता लानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता लाने के लिए अनेक योजनाएं व कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को दसवीं कक्षा तक निःशुल्क वर्दी व पुस्तकें प्रदान की जा रही हैं, जिसके तहत जिले में गत 4 वर्षों के दौरान 62 लाख 38 हजार रुपये की निःशुल्क पुस्तकें विद्यार्थियों को वितरित की गई तथा 6145 यूनिफाॅर्म विद्यार्थियों को वितरित की गई। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सरिता कुसान, पंचायत समिति सदस्यों सहित उपनिदेशक शिक्षा (उच्चतर) बसंत मुथ्यान व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रधानाचार्य उपस्थित थे।
