शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि प्रदेश में लोग भाजपा के कुशासन, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से बहुत दुखी हो चुके हैं और इस सरकार को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना चुके हैं।उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में वह किन्नौर, रामपुर, आनी हलके का दौरा करके लौटी हैं। इन हलकों में लोगों में कांग्रेस के प्रति भारी उत्साह है।
प्रतिभा सिंह ने यहां कहा कि रामपुर में महिला सशक्तिकरण समारोह में महिलाओं की भारी भीड़ ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में भाजपा अब चंद दिनों की मेहमान है। महिलाओं ने पूरी तरह ठान लिया है कि वह भाजपा को सत्ता से बाहर करके ही रहेगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में इन दोनों भाजपा लोगों को लुभाने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने लोगों की कोई सुध नहीं ली। अब चुनाव नजदीक आते देख भाजपा घोषणाओं पर घोषणाएं कर रही है, जबकि सरकारी खजाना खाली पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी राजनीतिक रैलियों के लिए सरकारी मशीनरी व धन का खुल कर दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह कहना कि अब सत्ता परिवर्तन की रिवायत बदेलगी और उनकी पुनः सत्ता वापसी होगी, लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है और यह सपना पूरा होने वाला नहीं है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा शिमला नगर निगम चुनावों में अपनी हार के डर से भी सहमी हुई है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि भाजपा इन चुनावों को पार्टी चिन्ह पर करवाने से कतरा रही है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह कांगड़ा के दौरे पर जा रही हैं। इसके बाद हमीरपुर, नाहन और सोलन जिलों के दौरे पर रहने वाली हैं। इस दौरे के दौरान जहां वह जिला कांग्रेस कमेटियों की आम सभा की बैठकों में शिरकत करेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दों के साथ लोगों के बीच जा रही है, जबकि भाजपा मुद्दों से भाग रही है।
