Spread the love

शिमला। भाजपा महिला मोर्चा की वर्चुअल रैली को शिमला से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला उत्थान तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं आरंभ की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य महिला मोर्चा में राज्य के लोगों को फेस मास्क बनाने और वितरित करने में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने राज्य में कर्फ्यू के समय जरूरतमंद लोगों को राशन तथा भोजन उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए समय रहते कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए लाॅकडाउन के निर्णय के कारण कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए निर्णयों के कारण ही भारत में विकसित देशों की तुलना में कोरोना संक्रमितों की मृत्यु दर कम है। उन्होंने कहा कि दुनिया के 15 सबसे विकसित देशों में 4.75 लाख लोगों की जान गई है, जबकि इन देशों की जनसंख्या 142 करोड़ है, वहीं भारत में 135 करोड़ जनसंख्या होने के बावजूद भी अभी तक कोरोना के कारण 13 हजार मृत्यु दर्ज की गई है। 
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है, क्योंकि राज्य में आए 701 कोरोना वायरस के मामलों में से 420 लोगों का उपचार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि एक समय में राज्य में केवल कोविड का एक ही मामला रह गया था, परंतु राज्य सरकार द्वारा देश के विभिन्न भागों में फंसे दो लाख के लगभग लोगों को वापिस लाने के कारण यह संख्या बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल देश का ऐसा पहला राज्य है, जहां पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से न केवल विकास तथा नीति निर्माण में महिलाओं की भूमिका सुनिश्चित हुई है, बल्कि महिला सशक्तिकरण भी हुआ है। 
जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं के विकास के बिना समाज के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने कहा कि 2.76 लाख परिवारों को गृहिणी सुविधा योजना के तहत तथा 1.36 लाख मुफ्त गैस कनेक्शन उज्ज्वला योजना के तहत राज्य में वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 5.90 लाख पात्र महिलाओं के खातों में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत अप्रैल, मई और जून के महीनों में पांच-पांच सौ रुपये जमा किए गए।
इस अवसर पर गलवान में शहीद हुए सैनिकों के सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा गया। 
सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव सरोज पांडे ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जब 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने, उस समय देश में लगभग प्रत्येक दिन नए घोटाले सामने आ रहे थे तथा आर्थिक स्थिति विकट थी। प्रधानमंत्री ने न केवल अर्थव्यवस्था को वापिस पटरी पर लाया, बल्कि देश को उसकी प्राचीन महिमा भी वापिस दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के द्वितीय कार्यकाल के दौरान कुछ ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिनके कारण नए भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। 
सरोज पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में भारत विश्वशक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि धारा 370 और 35ए इतिहास की बात रह गए हैं तथा अब भारत में एक संविधान और एक निशान है। उन्होंने कहा कि यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सीएए पर केंद्र सरकार द्वारा लिया गया निर्णय एक ऐतिहासिक कदम है तथा राज्य के लोग इस निर्णय के साथ खड़े हैं, क्योंकि इस निर्णय के कारण पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में भेदभाव के शिकार अल्पसंख्यकों को भारत की नागरिकता मिल पाएगी।भाजपा की राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने औरंगाबाद से रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भाजपा की केंद्र सरकार ने एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए इस एक वर्ष के दौरान कई योजनाएं शुरू की गई हैं। इन सभी योजनाओं से महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान महिला मोर्चा ने जरूरतमदों को फेस मास्क और सेनेटाइजर उपलब्ध करवाने तथा लोगों को संक्रमण के फैलाव को रोकने में सामाजिक दूरी के महत्व के बारे में जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रहाटकर ने कहा कि जन-धन योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में करोड़ों रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कमजोर वर्गों और महिलाओं के कल्याण के लिए ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ नामक योजना भी शुरू की है। उन्होंने कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की भी सराहना की।
राज्य महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने मुख्यमंत्री और अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए प्रदेश महिला मोर्चा की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि मोर्चा से संबद्ध महिलाओं ने लगभग 28.50 लाख फेस मास्क बनाए और वितरित किए हैं। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व सांसद बिमला कश्यप सूद, संगठन सचिव पवन राणा, भाजपा महासचिव त्रिलोक जम्वाल, महिला मोर्चा महासचिव वन्दना गुलेरिया और शीतल व्यास, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *