शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि देश में महिलाओं के उत्थान के लिए कांग्रेस पार्टी का विशेष योगदान रहा है। देश की राजनीति में कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व लोकसभा, राज्यसभा, राज्यों की विधानसभा में दिया है। उन्होंने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का इस देश के विकास के लिए एक बहुत बड़ा योगदान रहा है। उनकी कार्यशैली को देखते हुए भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इंदिरा गांधी को दुर्गा का रूप तक कहा था। उन्होंने कहा कि देश की सभी महिलाओं को इस पर गर्व महसूस होता है। वे सोमवार को शिमला जिले के रामपुर में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थी।
प्रतिभा सिंह ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका किन्नौर एवं रामपुर का पहला दौरा किया है। इस दौरे के दौरान उन्हें जो भारी जन समर्थन व प्यार मिला है, उससे लगता है कि जनता भाजपा की जनविरोधी एवं दमनकारी नीतियों से तंग आ चुकी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जहां 18 वर्ष के नौजवानों को मत देने का अधिकार दिया, वहीं इस देश की महिलाओं को स्थानीय निकायों, जिला परिषद, पंचायत समितियों व पंचायतों में 50 प्रतिशत का आरक्षण देकर एक ऐतिहासिक कार्य किया है, जिसको हमें हमेशा याद रखना होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह आज हमारे बीच में नहीं हैं, परंतु जिस प्रकार उन्होंने अपने जीवन के 60 वर्ष प्रदेश की जनता की सेवा में लगाए, उसको प्रदेश की जनता कभी भुला नहीं सकती। वे आज भी लोगों के दिलों में बसे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए 3 विधानसभा व 1 मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव में हुई कांग्रेस की जीत उसका जीता जागता प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में भी इसका लाभ होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज जहां इस बात का दावा कर रही है कि उन्होंने उज्जवला योजना के तहत मुफ्त रसोई गैस महिलाओं को दी है, जबकि उसके बाद महिलाओं को 1100 रुपए देकर रसोई गैस सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में आज महिलाओं को अपनी रसोई चलाना बहुत मुश्किल को रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं स्मृति ईरानी, स्व. सुषमा स्वराज ने संसद के बाहर 2014 में केंद्र की मनमोहन सिंह सरकार के खिलाफ महंगाई को लेकर जो आंदोलन किया था। इसमें भाजपा के नेताओं ने देश की जनता से वादा किया था कि भाजपा सरकार केंद्र में बनी तो इस बढ़ती महंगाई को तुरंत रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, तबसे आज तक इन 8 वर्षों में महंगाई चरम सीमा पर है। उन्होंने कहा कि 2014 में रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में जहां 410 रुपए थी, वहीं भाजपा की इस सरकार में यह आज 1100 रुपए प्रति सिलेंडर तक पहुंच गई है। इस कारण महिलाओं को मजबूरन फिर से लकड़ी का चूल्हा जलाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

स्व. वीरभद्र सिंह द्वारा बनाए गए विकास मॉडल को लेकर विधानसभा चुनाव में उतरेगी कांग्रेस – मुकेश अग्निहोत्री
रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विकास पुरुष व हिमाचल के आधुनिक निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह के योगदान को हिमाचल की जनता भूल नहीं सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके द्वारा बनाए गए विकास के मॉडल को लेकर 2022 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में जनता के बीच में लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी जल्द ही पूरे प्रदेश में एक जन जागरण अभियान चलाएगी। इसमें बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार व प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश की जनता को अवगत करवाया जाएगा।
कांग्रेस महासचिव एवं शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने जनसभा में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश व प्रदेश के बेरोजगार नौजवानों के साथ जो धोखा किया है, उसको सभी नौजवान भलिभांति जानते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में अभियान चलाएगी। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने प्रतिभा वीरभद्र सिंह को कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा बनाए जाने पर सोनिया गांधी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इनके बनने से जहां पूरे प्रदेश में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है, वहीं कार्यकताओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
स्थानीय विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नंद लाल ने कहा कि प्रदेश की जनता चुनाव के इस आखिरी वर्ष में भाजपा सरकार द्वारा की जा रही घोषणाओं के झांसे में आने वाली नहीं है। प्रदेश के लोगों ने इस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन पूरी तरह बना लिया है। सम्मेलन को रामपुर ब्लाॅक के अध्यक्ष सतीष वर्मा, महिला अध्यक्ष ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रोहडू क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव मोहन लाल ब्राक्टा, जिला परिषद अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव चंद्रप्रभा नेगी, जिला एवं ब्लाॅक के पदाधिकारी एवं पंचायतों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
