हमीरपुर। उपनिदेशक उच्च शिक्षा बीडी शर्मा ने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों, कॉलेजों में पढ़ने वाले मेधावियों को लैपटॉप 8 जून को आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिला मंडी में लैपटॉप आवंटित करेंगे, जबकि अन्य जिलों में वर्चुअल तौर पर इसी दिन कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि 2018-19 और 2019-20 के मेधावियों को लैपटॉप दिए जाएंगे।
बीडी शर्मा ने बताया कि जिला हमीरपुर में पांच विधानसभा क्षत्रों के मेधावियों को लैपटॉप वितरित किए जाएंगे। भोरंज विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर, हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर, नादौन विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नादौन, बड़सर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर के स्कूलों व कॉलेजों के मेधावियों को लैपटॉप वितरित होंगे। उन्होंने बताया कि कॉलेज के मेधावी भी संबंधित विधानसभा क्षेत्र के चिन्हित स्थल पर पहुंच कर 8 जून को लैपटॉप प्राप्त कर सकेंगे।
उपनिदेशक ने बताया कि भोंरज में कमलेश कुमारी, सुजानपुर में प्रेम कुमार धूमल, हमीरपुर में नरेन्द्र ठाकुर तथा बड़सर में बलदेव शर्मा व नादौन में विजय अग्रिहोत्री बतौर मुख्यतिथि शिरक्त करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम 8 जून को लगभग 10 बजे शुरू होगा। जिन मेधावी बच्चों को लैपटॉप मिलने हैं, उनके पास वांछित सूचना फार्म पर भरी होनी चाहिए तथा फोटो सहित संबंधित पाठशाला से सत्यापित होना चाहिए।
