Spread the love

बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेन्द्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार का साढ़े चार साल का सेवाकाल समूचे प्रदेश के लिए अभूतपूर्व विकास का गवाह बना है। इस दौरान अनेक नई योजनाओं को आरम्भ कर प्रगति के नए युग का सूत्रपात किया है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए कारगर प्रयास कर एक स्पष्ट लक्ष्य की ओर प्रदेश सरकार आगे बढ़ रही है। वे घुमारवीं विधानसभा के मैहरन गांव में लोगों की जन समस्याएं सुनने के उपरांत जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। 

गर्ग ने कहा कि जून, 2022 के अंत तक प्रदेश का कोई भी घर नल और स्वच्छ जल के बिना नहीं रहेगा। जल शक्ति विभाग के माध्यम से बिना खर्च के नल के साथ टूटी तथा आवश्यकतानुसार पाईपों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र क्षेत्र के लिए 53 करोड़ की लागत से कोल डैम (डैहर) पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है। सात मंजिला स्टैप तैयार कर लिया गया है। त्यून (मैहरन) में 7 लाख लीटर और लदरौर में में 4 लाख लीटर पानी का ओवर हैड टैंक तैयार कर लिया गया है। इस योजना से त्यून और मैहरन आदि क्षेत्र की मुख्य लाईनों को इसमें जोड़कर पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। 
राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में बिना बिल के मुक्त पेयजल और 60 से 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा प्रदान कर लोगों को बहुत बड़ी राहत दी है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री गृहणी सुविधा योजना चला कर प्रदेश को धुंआ मुक्त राज्य का दर्जा प्रदान किया है। जो गैस कनेक्शन रहित हिमाचली परिवार उज्जवला योजना में शामिल नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन व रिफिल प्रदान करने के लिए हिमाचल सरकार द्वारा मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की गई है। इस योजना के तहत राज्य सरकार 2 अतिरिक्त मुफ्त सिलेंडर रिफिल प्रदान कर रही है। अब तक 3.31 लाख परिवारों को निःशुल्क गैस कुनेक्शन उपलब्ध करवाकर लाभान्वित कर 126.80 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। 
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों के लिए जनमंच कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जनमंच पारदर्शिता एवं सुशासन के दृष्टिगत आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों व समस्याओं का जन सुनाई के माध्यम से मौके पर ही समाधान करने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में 4 मेडिकल कॉलेज और बिलासपुर में एम्स जैसी सुविधा, जिसमें ओपीडी शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त गरीबों और बेसहारों के लिए आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना में 5-5 लाख का प्रति परिवार प्रतिवर्ष निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। 
गर्ग ने कहा कि 2.52 करोड़ की लागत से मैहरन से नैन सड़क के कार्य के साथ डंगे और पुलियां निर्मित की जा रही है। 70 लाख की लागत से हरलोग से त्यून सड़क का कार्य प्रगति पर है। नैन-शिल्ह सड़क पर 40 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। मैहरन में तलाब के लिए पानी की सुविधा और हैंडपम्प की सुविधा पहले ही प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त गांव के लिए एक हैंडपंप की घोषणा की। 

इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य पुरुषोत्तम, प्रधान ग्राम पंचायत त्यूनखास रूप सिंह चंदेल, प्रधान ग्राम पंचायत हरलोग, नरोत्तम, बूथ अध्यक्ष धर्म सिंह, रूपेश, समाजसेवी, राज कुमार, नंद लाल, बलबीर और मान सिंह, एसडीओ लोक निर्माण विभाग, मनोहर लाल, एसडीओ जल शक्ति यशपाल शर्मा, कनिष्ठ अभियंता विद्युत अविनाश चंदेल उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *