शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व प्रदेश मामलों के सह प्रभारी संजय दत्त ने कांग्रेस जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों से पार्टी के उदयपुर शिविर में पारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने और बूथ कमेटियों के 15 दिनों के भीतर गठित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मंडल कमेटियों के गठन का भी निर्णय लिया है। यह कमेटियां बूथ और ब्लॉक के बीच समन्वय का काम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्व का पूरी निष्ठा से पालन करना होगा। वे बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन ने दो दिवसीय कार्यशाला के पहले दिन जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्षों की एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय दत्त ने उदयपुर में कांग्रेस के चिंतन शिविर में पारित प्रस्तावों व दिशानिर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों को इन दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों के कार्यो का अवलोकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जन जागरण का दूसरा चरण 9 अगस्त से भारत जोड़ो अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय आलाकमान ने अखिल भारतीय स्तर पर पार्टी का राष्ट्रीय ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के स्थापना का निर्णय लिया है। इसके तहत पार्टी के पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों के प्रचार प्रसार के लिए अन्य पदाधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि वह जल्द ही प्रदेश में सभी ब्लॉकों का दौरा कर बूथ कमेटियों से सीधा संवाद करेगी। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जो भी कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस कमेटी से उन्हें दिए जाते हैं, उन्हें वह पूरी निष्ठा से पूरा करे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव जल्द होने हैं, इसलिए पार्टी की ओर से जो भी दिशानिर्देश दिए जाते हैं, उन्हें वह पूरी निष्ठा से पूरा करें। उन्होंने कहा कि चुनावों में भाजपा की विफ़लताओं और महंगाई बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर उतरना है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला प्रदेश का सबसे बड़ा घोटाला है।
इससे पूर्व, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा ने भी बैठक में अपने विचार रखे और पार्टी पदाधिकारियों से सगंठन की मजबूती के लिये एकजुट होकर कार्य करने को कहा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा कि यह समय पार्टी पदाधिकारियों की परीक्षा का समय है और उसमें उन्हें सफल होना है।
केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ आठ साल, आठ छल बुकलेट की जारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र की मोदी सरकार की विफ़ललताओं पर प्रकाशित पुस्तक आठ साल, आठ छल को जारी किया। यह पुस्तक जिला अध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षो के माध्यम से आम जन में वितरित की जाएगी। पुस्तक में भाजपा है तो महंगाई है, सबसे युवा देश को बेरोजगारी व अनपढ़ता के अंधकार में झोंका, अर्श से फर्श गर्त में है अर्थव्यवस्था आमदनी नहीं हुई दोगुना, दर्द दिया सौ गुणा, शौर्य के नाम पर वोट सेना के हितों पर चोट, विकास से नहीं नाता बस नफरत फैलाना आता और पिछड़ों को पीछे छोड़ा, एमसी, एसटी व ओबीसी से नाता तोड़ा के सात छल इंगित किए गए हैं।
राजीव शुक्ला को राज्यसभा के लिए नामित करने पर शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन ने जिला अध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला को राज्यसभा के लिए नामित करने पर सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करते हुए इस संदर्भ में एक प्रस्ताव बैठक में रखा, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसमें आलाकमान के नेताओं का आभार व्यक्त किया गया। बैठक में उपस्थित अध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों ने प्रदेश कांग्रेस की बागडोर एक महिला सांसद प्रतिभा सिंह को सौंपी है, उसके लिए सभी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार व्यक्त किया।
