Spread the love

कुल्लू। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 27 मई को मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत पतलीकूहल में प्रस्तावित मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। हंस फाउंडेशन द्वारा निर्मित किया जाने वाला यह अस्पताल जिला की स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर साबित होगा। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि अस्पताल की विशेषता होगी कि इसमें क्षेत्र के गरीब लोगों का उपचार बिल्कुल निःशुल्क किया जाएगा। लोगों को बड़ी शल्य चिकित्सा अथवा गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए जिला से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में सभी तरह के विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होंगी। 

गोविंद ठाकुर ने इस अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि अस्पताल में उन सभी बीमारियों के उपचार की व्यवस्था होगी, जिनके लिए लोगों को शिमला, चंडीगढ़ व दिल्ली तक जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं का हब बनकर उभरेगा। बिलासपुर में एम्स ने काम करना शुरू कर दिया है और जल्द ही एम्स में सभी प्रकार की विशेषज्ञ उपचार सेवाएं उपलब्ध हो जाएंगी। 

गोविंद ठाकुर ने बुधवार को पतलीकूहल में अस्पताल के भूमि पूजन के लिए मुख्यमंत्री के दौरे के संबंध में तैयारियों को लेकर बैठक बुलाई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधि व भाजपा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने जनसभा स्थल का दौरा भी किया और हितधारकों को अलग-अलग जिम्मेवारियां सौंपी। उन्होंने कहा कि पतलीकूहल में आज तक का सबसे बड़ा और शानदार समारोह होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए विधानसभा क्षेत्र तथा कुल्लू से 10 हजार से ज्यादा लोगों के आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस दौरान मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत निर्मित विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा, विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों व स्कूलों के अपग्रेड सहित अनेक घोषणाएं मुख्यमंत्री से विधानसभा क्षेत्र के लिए करवाई जाएंगी। इनमें मुख्यतः प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नांगाबाग, बवेली तथा शिम व काईस के स्कूलों का स्तरोन्नयन शामिल हैं। जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे। 
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में बीते सवा चार सालों के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है। मुख्यमंत्री जब भी मनाली दौरे पर आए, क्षेत्र के लिए करोड़ों की परियोजनाओं की घोषणाएं की। सड़कों की बात हो, पुल हो, पेयजल योजनाएं या फिर स्वास्थ्य अथवा शिक्षण संस्थानों का निर्माण हो कोई ऐसा क्षेत्र नहीं जहां हमने विकास न किया हो। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के वामतट में 22 करोड़ की लागत के आठ बड़े पुलों का निर्माण किया गया। इनमें छः का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने किया है और दो पुलों का निर्माण जारी है। सड़कों का विस्तार किया गया, जिससे स्थानीय लोगों के साथ सैलानियों को भी सुविधा मिली है। 
गोविंद ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को जुलाई माह का लक्ष्य लेकर पूरा करें। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में रहकर विकास कार्यों को गति प्रदान करें। अब समय कार्यालय में बैठने का नहीं है। उन्होंने कहा कि बहुत से जलापूर्ति योजनाओं को जल्द पूरा किया जाना है ताकि जनता को इनका समयबद्ध लाभ प्राप्त हो। गौसदनों के बेहतर संचालन पर बल देते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बंदरोल, बिहाल में वन भूमि के मुद्दे को सुलझाकर इनका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद मनाली के गौसदन की क्षमता को और बढ़ाया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त आश्रय का निर्माण करने के लिये उन्होंने कहा। 

गोविंद ठाकुर ने कहा कि जिला के गौसदन काफी अच्छे हैं और इनका संचालन भी बेहतर ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से गौसदनों के प्रति संवेदनशील बनने की अपील करते हुए कहा कि गौवंश की रक्षा सभी नागरिकों की जिम्मेवारी है। एसडीएम मनाली डॉ. सुरेन्द्र ठाकुर, एसडीएम कुल्लू विकास शुक्ला, निदेशक पर्वतारोहण संस्थान रमन घरसंगी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, महामंत्री ठाकुर दास, जिला महामंत्री अखिलेश कपूर, राज्य महिला आयोग सदस्य मंजरी नेगी, भाजपा सचिव तरूण बिमल सहित अन्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *