शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह ज्वलंत मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी पर केंद्र की भाजपा सरकार पूरी तरह खामोश है। वे शुक्रवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर पहली बार प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप राठौर ने कहा कि संगठन में कोई भी बदलाव पार्टी की बेहतरी के लिए होता है। उन्होंने सांसद प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने और नए पदाधिकारियों को भी बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह एकजुट होकर संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि नई नियुक्तियों से एक संतुलन बनाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की उपचुनावों की तरह शानदार जीत हो, इसके लिए सभी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।
राठौर ने अपनी इस नियुक्ति के लिए सोनिया गांधी, केसी वेणुगोपाल व विशेष तौर पर राहुल गांधी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर नई नियुक्ति के 12 घंटों के भीतर उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की नई व महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ा सम्मान है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनके कार्यों की सराहना की। यह उनके लिए कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर सबसे बड़ा ईनाम है।उधर, एक सवाल के जवाब में कुलदीप राठौर ने कहा कि भाजपा सरकारें जो बुलडोजर चला रही हैं, वह किसी मकान पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान पर चला रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को काबू पाने में पूरी तरह विफल रही है और वह अपनी नाकामी छिपाने के लिए अब राज्यों को दोषी ठहराने लगा है।
विधानसभा चुनाव के लिए अपना गृह क्षेत्र उनकी पहली प्राथमिकता – राठौर
राठौर ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने फैसला लिया है कि पार्टी में प्रदेश स्तर पर पूर्णकालिक अध्यक्ष हो और वह चुनाव न लड़े। इसलिए यह बदलाव हुआ है। प्रतिभा सिंह सांसद हैं और उन्हें पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं, एक सवाल पर राठौर ने कहा कि पार्टी हाईकमान बोलेगा तो वे चुनाव लड़ेंगे और उनकी पहली प्राथमिकता उनका गृह क्षेत्र यानी ठियोग-कुमारसैन विधानसभा क्षेत्र रहेगा।
