शिमला। नव नियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि वह प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलते हुए प्रदेश में सभी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओ को एकजुट करेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए वह सबको साथ लेकर पार्टी को एकजुट करने में कोई कसर नहीं रखेगी। उन्होंने अपनी इस नियुक्ति के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी, संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला का आभार जताया।
प्रतिभा सिंह ने विशेष तौर पर सोनिया गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक महिला को पार्टी की जिम्मेदारी सौंप कर प्रदेश में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी दी गई है उसे वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाते हुए उस पर हर स्तर पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेगी। प्रतिभा सिंह ने बुधवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के अथक प्रयासों से आज हिमाचल अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और स्नेह उनकी असली ताकत थी।प्रदेश में आज भी लोगों के दिलों में वीरभद्र सिंह राज करते हैं। यही वजह रही कि हाल ही के मंडी लोकसभा व तीन विधानसभा उप चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त दी। उन्होंने कहा कि इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सरकार बने, इसके लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। प्रदेश के लोग सत्ता परिवर्तन की राह पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों व निर्णयों ने आज प्रदेश को बर्बादी की कगार पर ला कर खड़ा कर दिया है। बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर भाजपा ने अपनी आंखें बंद कर रखी हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट होकर रह गई है।
प्रतिभा सिंह ने दावा किया कि शिमला नगर निगम चुनावों के बाद आगामी विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराएगी।उन्होंने प्रदेश के लोगों का उनके प्रेम और स्नेह के लिए आभार भी व्यक्त किया है। उधर, पत्रकारों के सवालों का जबाव देते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में स्व. वीरभद्र सिंह के विकास कार्यों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती अर्थव्यवस्था, सरकार की विफलताएं चुनावों में मुख्य मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुटता के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि संगठन में कोई फेरबदल नहीं होगा। अलबत्ता इसे चुस्त दुरुस्त बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां तय की जाएगी।

प्रतिभा सिंह ने अपनी इस नियुक्ति के लिए सभी केंद्रीय पार्टी नेताओं आनंद शर्मा, प्रदेश मामलों के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली, संजय दत्त, तजेंद्र पाल बिट्टू, प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सभी पार्टी नेताओं का उन पर इस नए पद के लिए अपना विश्वास देने पर उनका आभार व्यक्त किया है।
हॉलीलॉज में उत्सव सा माहौल
प्रतिभा सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर उनके आवास हॉलीलॉज में बुधवार सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्यों ने ढोल नगाड़ों के साथ फूल मालाएं पहनाकर प्रतिभा सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समर्थकों ने हॉलीलॉज में नाटी डाली और मिठाइयां भी खिलाई। प्रतिभा सिंह रामपुर बुशहर में थी और वहां से सुबह शिमला को आई और दोपहरबाद यहां पहुंची। हॉलीलॉज में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक नंद लाल, मोहन लाल ब्राक्रटा, उपाध्यक्ष हरीश जनार्था समेत कई नेता व वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे। उधर, प्रतिभा सिंह ने सभी लोगों का उनके स्नेह और प्यार के लिए आभार व्यक्त किया।
