Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में प्रदेश मीडिया केन्द्र का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मीडिया कर्मियों के साथ नियमित संवाद को एक प्रभावी मंच प्रदान करने के लिए यह मीडिया केन्द्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस सेन्टर का निर्माण 16.5 लाख रुपए की लागत से किया गया है और यहां पत्रकारों को मूलभूत सुविधाएं तथा कार्यस्थल की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

इस अवसर पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है तथा पिछली सरकार के 400 करोड़ रुपए तुलना में इस पर 1300 करोड़ रुपए व्यय किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वृद्धजनों को अधिक संख्या में लाभान्वित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा 70 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष किया गया है। प्रदेश में 6,35,375 व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 20 लाख लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है, जबकि इस योजना से छूटे पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री हिमकेयर योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत अब तक लगभग 2.40 लाख लोगों ने निःशुल्क उपचार सुविधा का लाभ उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी घरों को गैस कनैक्शन प्रदान करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि लगभग एक लाख लोगों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लाया गया है तथा प्रदेश सरकार ने शेष व्यक्तियों को कवर करने के लिए मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है। इसके तहत 3.25 लाख गैस कनैक्शन प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों लाभान्वित करने के लिए शुरू की गई अभिनव योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सहारा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना इत्यादि के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के लिए जन मंच शुरू किया गया है। हर माह, हर जिले में मंत्रियों की उपस्थिति में जन मंच का आयोजन किया जाता है और लोगों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाता है। जन शिकायतों के समाधान के लिए मुख्यमंत्री सेवा हेल्पलाइन-1100 भी एक और प्रभावी मंच है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए राज्य निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और दो ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के परिणामस्वरूप 41000 करोड़ का निवेश आया है।मुख्यमंत्री ने कोविड प्रबंधन के लिए किए गए प्रभावी उपायों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य कोविड टीकाकरण की पहली और दूसरी खुराक लगाने वाला देश में पहला राज्य है। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, प्रधान आवासीय आयुक्त एसके सिंगला, निदेशक पर्यटन अमित कश्यप, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हरबंस सिंह ब्रसकोन सहित अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *