शिमला। सांसद प्रतिभा सिंह ने दावा किया है कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूर्ण बहुमत हासिल कर अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अपने पूर्व में किए गए विकास कार्यों के आधार पर लोगों के बीच जाकर वोट मांगेगी। वे वीरवार को यहां मीडिया से बात कर रही थी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा जो कभी महंगाई के नाम पर बड़े-बड़े ढोल पिटती थी, आज खामोश बैठी है। उन्होंने कहा कि आज गैस सिलेंडर एक हजार से ऊपर चला गया है। तत्कालीन यूपीए सरकार के समय जब यही गैस सिलेंडर 400 रुपए के आस-पास मिलता था, उस समय भाजपा के नेता कहते फिरते थे कि उनके सत्ता में आने के बाद इसके आधे मूल्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उस समय चुनावों के दौरान नरेंद्र मोदी ने देश में हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था, जो आज दिन तक इस दूसरे कार्यकाल में भी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती।
कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में हुए उप चुनावों में कांग्रेस की जीत का मुख्य कारण प्रदेश में स्व. वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में हुए विकास कार्य ही रहे। उन्होंने कहा कि आज जितने भी प्रदेश में विकास कार्यों के वर्तमान सरकार द्वारा फीते काटे जा रहे हैं, वह सब पूर्व कांग्रेस सरकार के समय पूरे बजट के साथ शुरू किए गए थे। उन्होंने कहा कि आज सरकार के पास अपना खर्च चलाने तक को पैसा नहीं है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिसके लिए वह लोगों के बीच जाकर अपने लिए वोट मांग सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ नगर निगम चुनावों के बाद विधानसभा चुनावों में भी अपनी शानदार जीत हासिल करेगी।
