Spread the love

शिमला। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा है कि भारत की आजादी के बाद कांग्रेस ने गरीबों के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के लिए सच में योजनाएं बनाई हैं, जिसके बाद गरीबों को खाते, घर और शौचालय मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर को सदैव अपमानित किया‌। यह केवल भाजपा है जिसने भीमराव अंबेडकर को सच्चा सम्मान दिया। 

वे मंगलवार को यहां भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नितेन कुमार ने की। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय निर्मल, राष्ट्रीय सचिव स्वराज विद्वान, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, राज्य सभा सांसद सिकंदर कुमार और वीरेंद्र कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

बैठक में आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार ने भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके 5 राष्ट्रीय स्मारक बनाए और आने वाले समय में मध्यप्रदेश में भी उनके नाम का एक विश्वविद्यालय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो सामाजिक समरसता की बात करता है और हम सामाजिक समरसता के मार्ग पर चल रहे हैं। उनका कहना था कि स्वामी विवेकानंद ने नर ही नारायण सेवा है की बात कही थी। वहीं, दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना है। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। आर्य ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति वर्ग की 29 प्रतिशत आबादी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा इस वर्ग के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बैठक के लिए आए सभी राष्ट्रीय प्रतिनिधियों का स्वागत किया। 
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक आज 

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि बुधवार को भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक शिमला में में होने जा रही है। इस बैठक में भाजपा के  राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा के सभी पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और प्रभारी भाग लेंगे। इस बैठक में मोर्चा के आगामी छह माह के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। इसमें प्रशिक्षण शिविर, सम्मेलन और जनसंपर्क अभियान प्रमुख अभियान रहेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *