शिमला। जिला उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने रविवार को जिले के रोहड़ू उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र डोडरा क्वार क्षेत्र का दौरा कर वहां के लोगों की समस्याएं जानी। उन्होंने उस क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया तथा सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि अधिकारी तय समय में सभी कामों को निपटाएं, ताकि लोगों को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके। उन्होंने जसकून, जाखा और डोडरा क्वार के लोगों की समस्याएं भी सुनी। इस दौरान लोगों ने मुख्य रूप से मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता न होने की समस्या बताई। इसके अतिरिक्त सड़क सुविधा की भी लोगों द्वारा मांग की गई। उपायुक्त ने इस संदर्भ में तुरंत उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
आदित्य नेगी ने चांशल क्षेत्र का दौरा कर टीम के साथ वहां स्कीइंग खेल की संभावनाओं का जायजा लिया। जिला पर्यटन अधिकारी, अटल बिहारी वाजपेयी माउंट ट्रेनिंग संस्थान मनाली के अधिकारी इस दौरे में साथ थे। उपायुक्त ने बताया कि इस संबंध में जल्द जिला पर्यटन अधिकारी द्वारा रिपोर्ट दी जाएगी, जिससे सरकार को अवगत करवाया जाएगा। जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था राहुल चौहान दो दिवसीय इस प्रवास में उपायुक्त के साथ थे।
