Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सड़कों की दयनीय हालत को लेकर आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि इन दिनों प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में जाएं यह पता नहीं चलता है कि सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सडकें हैं। प्रदेश सरकार दावा करती है कि सडकों की हालत सुधारी गई है, लेकिन हकीकत यह है कि सड़कों की हालत काफी दयनीय है, जिससे रोजाना सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों कि मौत का कारण बन रही हैं। 

गौरव शर्मा ने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे हैलीकॉप्टर वाले मुख्यमंत्री हैं और उनके मंत्री लग्जरी गाड़ियों में सफर करने वाले हैं जो लोगों के बारे में नहीं सोचते। उन्होंने कहा कि सीएम जहां भी जाते हैं, सिर्फ हैलीकॉप्टर में ही सफर करते हैं। ऐसे में उन्हें क्या पता होगा कि प्रदेश में सडकों की हालत क्या है। उन्होंने कहा कि आजकल पर्यटन सीजन शुरु हो गया है, ऐसे में हजारों की तादाद में पर्यटक हिमाचल का रुख कर रहे हैं, लेकिन यहां की सड़कों की हालत देखकर पर्यटक भी सोचते होंगे कि कहां आ गए। ऐसे में अब पर्यटक भी हिमाचल आने से किनारा कर रहे हैं। एक तरफ सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है तो दूसरी ओर यहां जाम की समस्या निरंतर बढती जा रही है। 

गौरव शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सड़कों की हालत बहुत बुरी है चाहे चंडीगढ़ से शिमला मुख्य नेशनल हाइवे को देखें या फिर बिलासपुर से शिमला, शिमला-कांगड़ा, चंडीगढ़ से मंडी मुख्य मार्ग को देखा जाए, इन सभी मार्गों की हालत खस्ता है। उन्होंने कहा कि जहां तक ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत तो और भी ज्यादा खराब हैं। उन्होंने सड़कों की दयनीय हालत पर मुख्यमंत्री से पूछा कि आखिर सड़कों की दशा कब सुधरेगी। उन्होंने सरकार को चेताया यदि प्रदेश में सडकों की हालत जल्द न सुधरी तो आम आदमी पार्टी बड़ा आन्दोलन कर सरकार का घेराव करने से नहीं हिचकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों-बागवानों और आम जनता की अनदेखी करने का जवाब आने वाले दिनों में जनता जरूर देगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *