शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस इस देश की सबसे पुरानी पार्टी है। कांग्रेस ने देश को आजाद करवाने और देश को आधुनिक बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में चुनावों में पार्टियों की हार जीत लगी रहती है, इसलिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का यह कहना कि कांग्रेस का वजूद खत्म हो गया है, उनकी संकीर्ण सोच व मानसिकता को दर्शता है।
कुलदीप सिंह राठौर ने शुक्रवार को यहां कहा कि मुख्यमंत्री शायद भूल गए हैं कि उन्हें प्रदेश के चार उप चुनावों में करारी हार का मुंह देखना पड़ा है। उन्होंने कहा कि धनबल और सत्ता के दुरुपयोग के बावजूद इसी कांग्रेस ने उसे इन चुनावों में धूल चटाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पांच राज्यों के चुनाव परिणामों की नहीं, प्रदेश में अपनी चिंता करनी चाहिए। राठौर ने कहा कि जयराम ठाकुर का सिंहासन डोल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के अंदर जो घमासान मचा हुआ है, वह किसी से छुपा नहीं है।
कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 70 साल तक राज किया है।कांग्रेस ने ही देश को आत्मनिर्भर बनाया है। इस दौरान बहुत से उतार-चढ़ाव इस कांग्रेस ने देखे हैं। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से देश की परिसम्पत्तियों को बेचा जा रहा है, वह बहुत ही दुखदाई है। उन्होंने कहा कि देश आने वाले समय में इस सबका जवाब भाजपा से मांगेगा और उन्हें इसका जवाब देना पड़ेगा।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार को अपनी कारगुजारियों का भी पूरा हिसाब किताब देना होगा। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार की अकुशलता व फिजूलखर्ची ने प्रदेश को आज 70 हजार करोड़ के कर्ज में डुबो दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं के प्रति भाजपा पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव नजदीक आते देख मुख्यमंत्री जिस तरह से घोषणाएं करते जा रहे हैं, वह कभी पूरी होने वाली नहीं। उन्होंने कहा कि इन घोषणाओं के लिए सरकार के पास धन ही नहीं है। किसान बागवान से लेकर आम लोग, कारोबारी, बेरोजगार सभी परेशान हैं। कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार मौज मस्ती में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग विधानसभा चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना चुके हैं और अब वह समय बहुत ही निकट है।
