Spread the love

बिलासपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रही है, ताकि समाज में महिलाओं को उचित स्थान एवं सम्मान दिलाया जा सके। राजिन्द्र गर्ग बुधवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत मरहाणा में आयोजित महिला मण्डल सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक गतिविधियों एवं विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रभावशाली योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल योजना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना इस दिशा में कारगर सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सदैव ही महिलाओं को सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्राथमिकता प्रदान की है। उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति को संगठित एवं सशक्त बनाने के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत प्रदान की जाने वाली 12 हजार रुपए की राशि को बढ़ाकर 21 हजार रुपए कर दिया गया है।
राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य की चिन्ता करते हुए प्रदेश सरकार ने राज्य में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना कार्यान्वित की है। इस योजना से प्रदेश की महिलाओं को रसोई में होने वाले धुएं से मुक्ति मिली है। योजना के तहत महिलाओं को निःशुल्क रसोई गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पैंशन की राशि को बढ़ाकर 1700 रुपए कर दिया है, जिससे समाज के बहुत बड़े तबके को लाभ हुआ है।
गर्ग ने कहा कि डंगार वाया बरोटा, डरोह, पलासला, निहारी इत्यादि 14 बड़ी सड़कों का स्तरोन्नयन किया गया है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में विकट परिस्थिति के बावजूद प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों को जारी रखा। कोरोना काल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के दृष्टिगत अन्य देशों के मुकाबले भारत को कम नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर को जल प्रदान किया जा रहा है। 4 वर्षों के अंदर प्रदेश में 8 लाख से अधिक नल लगाएं गए हैं तथा इनके माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है।
कार्यक्रम में 12 महिला मण्डलों के सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। महिला मण्डलों के सदस्यों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने 12 महिला मण्डों को 11-11 हजार रुपए तथा अम्बेदकर युवक मण्डल को 11 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जोरावर सिंह, जिला परिषद सदस्य मदन धीमान, बीडीसी सदस्य शिल्पा ठाकुर, ग्राम पंचायत मरहाणा के पधान जगत सिंह, उप प्रधान रवि कुमार, मण्डल महामंत्री राजेश सिंह ठाकुर, वरिष्ठ कर्यकर्ता पृथी सिंह, ग्राम केन्द्र प्रमुख देव सिंह रणौत, पूर्व जिला परिषद सदस्य इन्दु शर्मा, मण्डल सचिव गायत्री देवी, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग दीपक कपिल, सहायक अभियन्ता रतन लाल सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *