Spread the love

रिकांगपिओ। किन्नौर जिला के तीनों उपमण्डलों में स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार किन्नौर जिला के कल्पा उपमण्डल के सांगला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 अप्रैल, पूह उपमण्डल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूह में 21 अप्रैल व निचार उपमण्डल के भावानगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 22 अप्रैल, 2022 को स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस दौरान एक ही छत के नीचे एलोपैथी, आयुर्वेदिक व होम्योपैथी के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।डीसी ने बताया कि इस दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ व शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ द्वारा लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा विभिन्न प्रकार के टेस्ट किए जाएंगे। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क दवाईयां भी उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वास्थ्य मेले के दौरान आयुर्वेदिक तथा होम्योपैथिक विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व विभिन्न प्रकार के टेस्ट किए जाएंगे तथा रोगियों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की जाएगी। 
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने जिला वासियों से भी आग्रह किया कि वे अपने निकटतम स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाने के लिए आगे आएं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले का मुख्य उद्देश्य जहां लोगों की स्वास्थ्य जांच करना है वहीं केंद्र तथा प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में भी जागरूक करना है तथा लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के बारे में भी जानकारी प्रदान करना है।
बैठक में सहायक आयुक्त मुनीष कुमार शर्मा, उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी ग्रामीण विकास अभिकरण जयवंती ठाकुर, डाॅ. विद्यासागर नेगी, डाॅ. कविराज, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. अशोक चंद्र, सांगला, भावानगर व पूह चिकित्सा खण्ड के खण्ड चिकित्सा अधिकारियों सहित अन्य उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *