Spread the love

शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के राज में आम आदमी का जीना दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि 5 राज्यों के चुनावी नतीजे आने के बाद रोजाना पेट्रोल और डीज़ल के दाम बढ़ रहे हैं। पेट्रोल 107 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है, डीजल का दाम भी 100 रुपए तक पहुंचने वाला है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम इस तरह से बढ़ाए जा रहे है, ताकि सबको यही लगे कि पेट्रोल व डीजल पैसों में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि रोजाना पेट्रोल और डीजल का दाम बढ़ाकर रिकॉर्ड बनाया जा रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर सरकार ने दिखा दिया है कि उसे आम आदमी की कोई फिक्र नहीं है। छाजटा ने कहा कि केंद्र सरकार मंहगाई को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही रही है। बाजार में हर चीज महंगी है और आम व गरीब परिवार के लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि मंहगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की चीजों के साथ-साथ खाने पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ा कर जनता पर मंहगाई का बोझ थोपा जा रहा है।

छाजटा ने कहा कि बाजार में तेल, डालडा व दूध के दामों में वृद्धि दर्ज की गई है। ऐसे में अब लोगों को इन वस्तुओं की खरीददारी पर अधिक रुपयों का भुगतान करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र व प्रदेश में भाजपा शासित सरकारें आई है, मंहगाई लगातार बढ़ रही है। सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह हर वर्ग को राहत दे, लेकिन सरकार के रवैये से ऐसा नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने देश में हर रोज बढ़ते पेट्रोल व डीजल के दामों पर भाजपा की खामोशी पर सरकार को आड़े हाथ लिया और कहा कि आज भाजपा नेताओं को ना तो महंगाई नज़र आ रही है और न ही बेरोजगारी। इससे साफ है कि आज सत्ता में बैठने के बाद भाजपा को बढ़ती महंगाई बेरोजगारी से कुछ लेना देना नहीं है।

 यशवंत छाजटा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा लोगों की समस्याओं बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा कांग्रेस को दोषी ठहराने में लगी है।उन्होंने कहा कि भजापा प्रदेश में सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निगम और विधानसभा चुनावों में जनता इसका करारा जवाब देगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *