Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की एक बैठक आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में विभाग के उपाध्यक्ष यशपाल तनाईक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 14 अप्रैल को मनाए जाने वाली अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम पर चर्चा के साथ-साथ इसके आयोजन को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में आगामी नगर निगम शिमला के चुनावों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। 
बैठक में यशपाल तनाईक ने विभाग के पदाधिकारियों से भारत रत्न बाबा साहेब अम्बेडकर की जयंती में अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी जिलों में पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर जयंती समारोह आयोजित करेंगे। इसके तहत प्रभात फेरी के बाद बाबा साहिब के जीवन और उनके कार्यों पर संवाद करेंगे। तनाईक ने इस दौरान शिमला नगर निगम चुनावों को लेकर भी पदाधिकारियों को एकजुट होकर चुनाव प्रचार में उतरने को कहा। 

तनाईक ने कहा कि शिमला नगर निगम में अनुसूचित जाति से संबंधित आरक्षित वार्डों में पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जिसे जो भी जिम्मेवारी सौंपी जाती है, उसे उन्हें पूरी ईमानदारी से पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि विभाग खुफिया तौर पर भी अपने इन वार्डों पर अपनी पूरी नजर रखेगा, जिससे किसी प्रकार की न तो कोई भीतरघात ही हो और न ही किसी प्रकार की कोई अवहेलना हो। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की कोई ढील बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में सैनराम नेगी, भूपेंद्र कौशल, गुरदयाल पंवार, मोहन नेगी, मान सिंह गुलशन, शक्त राम कश्यप, नागड़ू राम, बलवीर सिंह व देवेंद्र कुमार मुख्य तौर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *