Spread the love

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रदेश समन्वयक नवीन शर्मा ने कहा है कि युवाओं के कौशल विकास के लिए निगम ने अल्प अवधि के व्यावसायिक कोर्स आरंभ किए हैं और ये पूरी तरह निशुल्क हैं। अल्प अवधि के ये कोर्स करने के बाद युवा निजी क्षेत्र में अच्छा रोजगार पा सकते हैं या अपना व्यवसाय आरंभ कर सकते हैं। जरूरतमंद युवाओं को इन निशुल्क कोर्सों का लाभ उठाना चाहिए। शुक्रवार को ग्राम पंचायत नेरी में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की ओर से आयोजित जागरूकता शिविर की अध्यक्षता करते हुए नवीन शर्मा ने यह अपील की। 

नवीन शर्मा ने बताया कि निजी क्षेत्र में हुनरमंद एवं प्रशिक्षित युवाओं की काफी मांग रहती है। निजी क्षेत्र की इस मांग को पूरा करने के लिए तथा युवाओं के कौशल विकास के लिए ही निगम ने अल्प अवधि के कोर्स आरंभ किए हैं। कम पढ़े-लिखे युवा भी ये कोर्स करके हुनरमंद बन सकते हैं तथा निजी क्षेत्र में अच्छा रोजगार पा सकते हैं या अपना व्यवसाय आरंभ कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम ऐसे युवाओं को अल्प अवधि के कोर्सों के रूप बहुत बड़े अवसर मुहैया करवा रही है। निगम के माध्यम से जिला हमीरपुर के विभिन्न औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में भी कई निशुल्क कोर्स आरंभ किए गए हैं। इन कोर्सों के संबंध में अधिक जानकारी के लिए हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के जिला कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है। यह कार्यालय उपायुक्त कार्यालय परिसर स्थित हमीर भवन में स्थापित किया गया है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नेरी के प्रधान विपिन कुमार, पूर्व उपप्रधान राजेश कुमार, पंचायत सदस्य रीना देवी, सुखदेव और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed