शिमला। कांग्रेस के युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह सहित एनएसयूआई व युवा कांग्रेस के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के रिज मैदान पर निकाली गई तिरंगा यात्रा पर हुई एफआईआर को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस लीगल सेल ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। कांग्रेस लीगल सेल के चेयरमैन आईएन मेहता और महासचिव प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि तिरंगा फहराना या उसे लेकर यात्रा निकालना कोई गुनाह नहीं है, बल्कि यह देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
इन नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से खालिस्तानियों द्वारा शिमला ग्रामीण से कांग्रेस के युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह को दी जा रही धमकियों के जवाब में विक्रमादित्य सिंह ने सैकड़ों युवाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकालने का आह्वान किया था, परंतु प्रदेश की भाजपा सरकार खालिस्तानियों के खिलाफ कार्रवाई करने के विपरीत कांग्रेस विधायक और अन्य युवाओं पर एफआईआर करती है, जो कि बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनका लीगल सेल हर क़ानूनी मदद करेगा और हर मोर्चे पर इस मामले पर कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।
