Spread the love

शिमला। राजधानी शिमला में पेयजल की भारी कमी को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। कांग्रेस ने पेयजल कमी के मुद्दे पर भाजपा सरकार और नगर निगम को घेरते हुए मंगलवार को महापौर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी ने पेयजल आपूर्ति को लेकर महापौर को एक ज्ञापन भी सौंपा।शिमला जिला शहरी व शिमला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस नेताओं ने शिमला नगर निगम व जल निगम बोर्ड की कार्यप्रणाली पर रोष जताते करते हुए कहा कि पेयजल की किल्लत से लोग परेशान हैं। नगर निगम का वह दावा, जिसमें उन्होंने शिमला में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की बात कही थी, वह पूरी तरह हवा हवाई साबित हुई है।

जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने भाजपा शासित नगर निगम पर आरोप लगाया कि वह शहरवासियों को नियमित पेयजल आपूर्ति करने में पूरी तरह विफल रहा है। लोगों से भारी भरकम पेयजल बिल वसूलने के बावजूद उन्हें नियमित तौर पर पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। चौधरी ने आरोप लगाया कि नगर निगम व शिमला जल प्रबंधन बोर्ड  कथित तौर पर भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। पेयजल बिल के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है। जितेंद्र चौधरी ने कहा कि शहर में तीसरे दिन और उप नगरों व शिमला नगर निगम में शामिल किए गए क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति चार व पांच दिन के बाद बहुत थोड़ी मात्रा में किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिमला पहाड़ों की राजधानी है, जहां पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। उन्होंने कहा कि पेयजल की समस्या से शिमला का पर्यटन व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जितेंद्र चौधरी ने कहा कि शिमला शहर में पहली बार भाजपा के शासन में पहली बार सर्दियों में भी पेयजल की राशनिंग की गई। उन्होंने कहा कि अभी तो मार्च का ही महीना चल रहा है, आगे गर्मियों में क्या हाल होगा, उसका अंदाजा अभी से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम आज सफेद हाथी बन कर रह गया है जो लोगों से भारी भरकम टैक्स वसूली तो कर रहा है, लेकिन लोगों को सुविधा देने के नाम पर ज़ीरो साबित हुआ है।

इस धरना प्रदर्शन में पूर्व विधायक आदर्श सूद, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता नरेश चौहान, जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, प्रदेश सचिव इंदरजीत सिंह, यशपाल तनाइक, पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण शर्मा, पार्षद दिवाकर देव, संजय सिंह चौहान, राजेश वर्मा, ओमप्रकाश ठाकुर, भूपिंदर कंवर, नीरज बख्शी, कांशीराम, रवि राणा, वनीश ठाकुर, अमृत पाल, सैनराम नेगी, मोहन नेगी, उमा वर्मा, नरेश कुमार, मुस्कान, वीणेश ठाकुर, सचिन बरवाल, जितेंद्र ठाकुर, रोहित, अजय ठाकुर, अमित व अन्य कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *