शिमला। भारी बर्फबारी के दौरान शिमला नगर व आसपास की सड़कों को यातायात के लिए बहाल करने के लिए उपयुक्त शिमला आदित्य नेगी ने स्वयं अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सुबह से सड़कों का दौरा किया और लक्कड़ बाजार, ढली, नवबहार, छोटा शिमला, हीरा नगर के साथ-साथ तारा देवी तक का दौरा कर अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य मार्गों को यातायात के लिए खोलने को हर संभव प्रयास करने के आदेश दिए।
डीसी ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी सूरत में यातायात बाधित न हो, ताकि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व आवागमन को सुचारू बनाए रखा जा सके। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण व राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से तुरंत बर्फ हटाने के निर्देश दिए, ताकि बाहर से आने वाली वस्तुओं एवं वाहनों को किसी प्रकार की बाधा या असुविधा का सामना ना करना पड़े।
डीसी ने शिमला नगर के भीतर भी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को शिमला नगर की सड़कों को जल्द साफ करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों के आने-जाने व अन्य गतिविधियों को सामान्य बनाया जा सके। इस दौरान एसडीएम मनजीत शर्मा समेत कई संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
