Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जब देश के गरीब और मजबूर लोगों का दुःख दर्द बांट रहे हैं, ऐसे में भाजपा अपनी ओछी राजनीति से भी बाज नहीं आ रही है। उन्होंने इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि देश मे कोरोना महामारी के चलते जहां एक तरफ लॉकडाउन की वजह से प्रवासी मजदूर बेबस भूखे प्यासे अपने घरों को पलायन करने पर मजबूर हुए हैं तो कांग्रेस के यही नेता सड़कों पर जाकर उनका दुःख दर्द बांट कर उन्हें हरसंभव मदद का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी ओच्छी राजनीति के चलते इसमें भी रोड़े अटका रही है जो बहुत ही दुखदाई और दुर्भाग्यपूर्ण है।
राठौर ने जेपी नड्डा के उस बयान पर अपनी तीव्र प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को कोरोना महामारी को लेकर अज्ञानता की बात कही थी। राठौर ने कहा कि देश मे कोरोना महामारी को लेकर किया गया, लॉकडाउन जब पूरी तरह से असफल हो गया है। ऐसे में भाजपा की यह बौखलाहट साफ दिखती है। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने फरवरी में ही देश के प्रधानमंत्री को इस महामारी के प्रति सचेत किया था। उस समय प्रधानमंत्री ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया था। अगर उस समय इस पर कोई ध्यान दिया होता तो आज देश की यह स्थिति नहीं होती। 
राठौर ने भाजपा अध्यक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि उनके बयानों से ऐसा लगता है कि देश के सभी बुद्धिजीवी और समझदार भाजपा में ही हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका अहंकार ही बोल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने अपना बलिदान देकर इस देश का निर्माण किया है। उन्होंने कहा कि न तो उन्हें ही और न ही भाजपा के किसी नेता को यह अधिकार है कि वह कांग्रेस के किसी भी नेता को अपमानित करे। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए वह कांग्रेस को दोष न दे, अपितु उसे देश से माफ़ी मांगनी चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed