शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मरीजों की मौत में कमी नहीं आ रही है। कोविड से मौतों में बढ़ोतरी से चिंता और बढ़ी है। बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण से प्रदेश में 9 और मरीजों की मौत हुई है। इस दौरान कांगड़ा जिले में सर्वाधिक 5 मरीजों की मौत हुई है। वहीं, हमीरपुर जिले में दो और किन्नौर व मंडी जिले में एक-एक मरीज ने कोरोना संक्रमण से जूझते हुए दम तोड़ दिया। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 3795 मरीजों की मौत हो चुकी है।
उधर, प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस के 123 नए मामले पाजिटिव आए हैं। कांगड़ा जिले में 45, हमीरपुर में 21, मंडी, सोलन व ऊना जिलों में 12-12, शिमला में 11, बिलासपुर में 6, चंबा, किन्नौर, कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिले में एक-एक मामला पाजिटिव आया है। राज्य में कोरोना वायरस के कुल 225712 मामले हो चुके हैं। शनिवार को 137 मरीज स्वस्थ हुए हैं और प्रदेश में अब तक कुल 220800 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस के 1100 एक्टिव केस रह गए हैं।
