शिमल।
कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग के चलते लगे कर्फ्यू का असर गरीबों और मजदूरों पर पड़ने लगा है। राजधानी शिमला में मजदूर वर्ग पर तालाबंदी की मार ऐसी पड़ रही है कि अब उन्होंने भी अपने-अपने घरों की ओर जाने का मन बना लिया है। लेकिन मंगा भाई के नाम से मशहूर शहर के समाजसेवी ने अपना हाथ आगे बढ़ाया। उनकी मदद से न केवल इन मजदूरों को राहत मिली है, बल्कि कई अन्य लोगों को भी आने के लिए उदाहरण पेश किया है। राजधानी शिमला के पुराने बस अड्डे के पास रविवार को समाजसेवी हरजीत कुमार उर्फ मंगा भाई ने मजदूरों की तकलीफों को देखते हुए राशन का वितरण किया। उन्होंने इन सभी को पहले मास्क भी बांटे गए, ताकि इन्हें बाहर निकलने पर ये सुरक्षित रहें। फिर कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने इन्हें राशन बांटा। इस दौरान 300 से अधिक मजदूरों और गरीब लोगों को राशन बांटा गया। उन्होंने राशन में आटा, चावल, दाल और तेल का वितरण किया। इस मौके पर संजीव कुठियाला, मलकीत सिंह, मीनू चौहान, वीरेंद्र बांष्टू समेत कई अन्य लोग भी मौजूद थे। इस वितरण के लिए पुराना बस अड्डा के पास लाइन लगाई गई थी और फिर बारी-बारी लोगों को राशन बांटा गया।
….क्या बोले विक्रमादित्य
इस मौके पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह सभी का सामाजिक दायित्व है कि इस नाजुक मौके पर गरीबों और मजबूर वर्ग की मदद की जाए। उन्होंने कहा कि आज लाकडाउन के कारण सबसे ज्यादा दिक्कत दिहाड़ी करने वालों को है और उनकी मदद को यहां पर हरजीत सिंह मंगा आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब भूख के कारण न तड़पे, इसलिए सभी को आगे आना चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस मामले पर उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर से भी बात की है। उन्होंने कहा कि गरीबों को दो वक्त की रोटी मिले, इसका पुख्ता प्रबंध किया जाए और जिला शिमला के डीसी से भी इस बारे में बात की गई है।
