Spread the love

शिमला। भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं संगठन महामंत्री पवन राणा शिमला भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर से जुड़े। वहीं, भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं सह प्रभारी संजय टंडन चंडीगढ़ और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर दिल्ली से जुड़े। 

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकारिणी के देशभर के सदस्यों को पार्टी को कैसे बेहतर बनाएं, इसके मंत्र दिए। यह बैठक कोरोना संक्रमण के चलते करीब डेढ़ साल बाद प्रत्यक्ष रूप से हुई है। इस एक दिन की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के भाषण से शुरू हुई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समापन भाषण के साथ समाप्त हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण मसलों पर विचार हुआ। 

बैठक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सेमी वर्चुअल माध्यम से हुई। इसमें सभी प्रमुख नेताओं ने हिस्सा लिया। इसमें केंद्र की मोदी सरकार के सफल सात साल पूरा करने पर राजनीतिक प्रस्ताव पास किया गया। इसमें केंद्र सरकार के सात वर्षों में किए गए कार्यों का जिक्र है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने कोविड काल में मास्क बनाने में, वेंटिलेटर बनाने में, ऑक्सीजन की व्यवस्था करने में और अस्पतालों में और बेड की व्यवस्था करने में रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि कोविड के समय भी भाजपा ने जन सेवा के आयाम स्थापित किए हैं।

कश्यप ने कहा कि भारत वर्ष में 10 करोड़ से ज़्यादा लोगों को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना का लाभ हुआ है। हर साल 6000 रुपए किसान सम्मान निधि किसानों के खाते में पहुंच रही है। आज भारत भ्रष्टाचार मुक्त है, यह केवल मोदी के शासनकाल में मुमकिन था। उन्होंने कहा कि बैठक में कोविड काल में किए कार्यों का उल्लेख भी हुआ है और कहा गया कि 108 करोड़ लोगों को वेक्सीन लग चुकी है। वहीं, कोरोना के दौर में 80 करोड़ लोगों को छठ पूजा तक मुफ्त राशन की व्यवस्था की गई है। यह बहुत बड़ा कार्य है और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सफलता से किया गया है। 

सुरेश कश्यप ने कहा कि 5 राज्यों में चुनाव आने वाले हैं, इसको लेकर चुनावी रणनीति तय की गई। वहीं, बैठक में उपचुनावों को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों में सभी कमियों को पूरी करते हुए 2022 के चुनावों के लिए भाजपा तैयार है और पार्टी आने वाले लक्ष्य पर अटल है। कश्यप ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed