शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने स्पष्ट कहा है कि इन उपचुनावों में जिन पदाधिकारियों को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है, उनको वापस नहीं लिया जाएगा। उनका कहना है कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है और किसी भी प्रकार की पार्टी विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कश्यप ने कहा कि इस बात को भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं भाजपा के प्रभारी संजय टंडन ने कई बार कार्यक्रमों में भी दोहराया है। उन्होंने कहा कि अनुशासन भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की नीतियों पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर तक मज़बूत है और इन उपचुनावों में सभी कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ काम कर रहे हैं।
सुरेश कश्यप ने कहा सत्ता का सेमीफाइनल भी भाजपा जीतेगी और 2022 का फाइनल भी। इन चुनावों में भाजपा चारों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में कहीं भी मुकाबले में नहीं है। आज कांग्रेस हिमाचल प्रदेश से भी लुप्त होने जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी का सफाया हो रहा है और हिमाचल से भी कांग्रेस का सफाया तय है।
